सारंगढ़। लोक आस्था का महापर्व छठ पूरे श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ सारंगढ़ में मनाया गया। नगर के खड़ाबंद तालाब में छठ पूजा के अवसर पर आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। तालाब परिसर छठ व्रत करने वाली सुहागिन महिलाओं और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ से खचाखच भरा रहा।
छठ व्रती महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा-अर्चना कर अस्ताचलगामी सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित किया तथा परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और खुशहाली की कामना की। पूरे तालाब परिसर में छठी मैया के जयकारों और भक्तिमय माहौल से वातावरण श्रद्धामय हो गया।
इस दौरान महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। पारंपरिक वेशभूषा, पूजा की सजी हुई टोकरी, फल-फूल और दीपों से खड़ाबंद तालाब का दृश्य भक्तिमय नजर आया। छठ महापर्व ने एक बार फिर सारंगढ़ में सामाजिक एकता, पारिवारिक आस्था और धार्मिक परंपराओं की खूबसूरत झलक प्रस्तुत की।


