*बाल दिवस पर यातायात पुलिस की अनूठी पहल, स्कूली बच्चों को दिया यातायात और साइबर सुरक्षा का पाठ नाबालिगों को वाहन देने वाले अभिभावकों पर होगी कार्रवाई, धारा 199A के तहत सख्त कानूनी प्रावधान*

By
Kishor Manhar
SEN24.in सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की एक अग्रणी और विश्वसनीय न्यूज़ वेबसाइट एवं यूट्यूब चैनल है, जो स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और सामाजिक मुद्दों की निष्पक्ष व...
- Editor
3 Min Read

सारंगढ़-बिलाईगढ़। बाल दिवस के अवसर पर जिला यातायात पुलिस द्वारा श्री श्याम वर्ल्ड स्कूल, बिलाईगढ़ में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों को यातायात नियमों, साइबर अपराधों से बचाव और नवीन कानूनों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में जिला यातायात प्रभारी जितेंद्र कुमार चंद्रा ने बच्चों को बाल दिवस के महत्व से अवगत कराते हुए पंडित जवाहरलाल नेहरू के विचारों और बच्चों के प्रति उनके स्नेह के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। अच्छी शिक्षा के साथ अनुशासन, अच्छे संस्कार और स्वयं की सुरक्षा के प्रति जागरूकता भी उनके जीवन में बेहद जरूरी है।

यातायात जागरूकता के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चे मोटरसाइकिल और कार जैसे वाहन न चलाएं। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और सड़क पार करते समय सावधानी बरतने की समझाइश दी गई।

साइबर ठगी से बचने के बताए तरीके

कार्यक्रम में डिजिटल सुरक्षा पर भी विशेष जोर दिया गया। बच्चों को ऑनलाइन गेमिंग और सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने की जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, फर्जी कॉल से सावधान रहने तथा अपना ओटीपी और पासवर्ड किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी। साथ ही साइबर ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।

अभिभावकों से नाबालिग बच्चों को वाहन नहीं देने की अपील

यातायात पुलिस ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने नाबालिग बच्चों को किसी भी परिस्थिति में वाहन चलाने के लिए न दें। बच्चों के मोबाइल और इंटरनेट उपयोग पर भी निगरानी रखें तथा स्वयं यातायात नियमों का पालन कर उनके सामने उदाहरण प्रस्तुत करें।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि नाबालिग द्वारा वाहन चलाते पाए जाने पर मोटरयान अधिनियम की धारा 199A के तहत अभिभावक अथवा वाहन स्वामी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई का प्रावधान है।

बाल दिवस पर आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से यातायात पुलिस ने बच्चों को सुरक्षित सड़क व्यवहार और डिजिटल दुनिया में सतर्क रहने का संदेश दिया।

Share This Article
Follow:
SEN24.in सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की एक अग्रणी और विश्वसनीय न्यूज़ वेबसाइट एवं यूट्यूब चैनल है, जो स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और सामाजिक मुद्दों की निष्पक्ष व त्वरित रिपोर्टिंग के लिए जाना जाता है। हमारा उद्देश्य है – "आपकी आवाज़ को मंच देना और सच्ची खबर सबसे पहले पहुँचाना।" स्थापना के बाद से SEN24.in ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की जमीनी हकीकत को उजागर करते हुए जनता और प्रशासन के बीच एक सशक्त पुल का काम किया है। हम पत्रकारिता के मूल्यों – निष्पक्षता, सत्यता और जवाबदेही – को सर्वोपरि मानते हैं।