बिरसा मुंडा का योगदान समाज के लिए अतुलनीय : श्रीकांत सोमावार,15 नवंबर को 150वीं जयंती पर धर्मजयगढ़ में होगा भव्य आयोजन, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित भाजपा के राष्ट्रीय नेता होंगे शामिल
सारंगढ़। जिला भाजपा कार्यालय सारंगढ़ में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता श्रीकांत सोमावार ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का योगदान केवल जनजातीय समाज तक सीमित नहीं है, बल्कि उनका संघर्ष और बलिदान देश के सभी वर्गों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने अंग्रेजी शासन के शोषण और आदिवासियों की जमीनों पर कब्जे के खिलाफ संघर्ष करते हुए समाज को जागरूक करने का ऐतिहासिक कार्य किया।
श्री सोमावार ने बताया कि भगवान बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर 1875 को हुआ था। वे बचपन से ही मेधावी थे, जिसके चलते उनके पिता ने उन्हें मिशनरी स्कूल में दाखिला दिलाया। शिक्षा के दौरान उन्होंने महसूस किया कि मिशनरी संस्थाएं शिक्षा देने के साथ-साथ भोले-भाले आदिवासियों की जमीनों पर भी कब्जा कर रही हैं। इस शोषण के खिलाफ उन्होंने आवाज उठाई और अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध संघर्ष का बिगुल फूंका। मात्र 25 वर्ष की आयु में अंग्रेजों की कैद में 9 जून 1900 को उनका निधन हो गया।
उन्होंने कहा कि लंबे समय तक बिरसा मुंडा के संघर्ष और योगदान को अपेक्षित प्रचार-प्रसार नहीं मिल पाया, लेकिन भारतीय जनता पार्टी ने जनजातीय समाज को केवल वोट बैंक के रूप में नहीं, बल्कि समाज के अभिन्न और सम्मानित अंग के रूप में देखा है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में जनजातीय कार्य मंत्रालय की स्थापना की गई और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के सम्मान, अधिकार और विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए गए। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत भी इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
श्रीकांत सोमावार ने बताया कि आगामी 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर धर्मजयगढ़ में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें भाजपा के राष्ट्रीय नेता तथा छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि आज जनजातीय समाज को देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद राष्ट्रपति सहित मुख्यमंत्री और मंत्री जैसे महत्वपूर्ण पदों पर प्रतिनिधित्व मिल रहा है। भाजपा सरकार जनजातीय समुदाय के आवास, रोजगार, शिक्षा और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए लगातार विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है।
प्रेस वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योति पटेल, भुवन मिश्रा, निखिल केशरवानी, हरिनाथ खुंटे, जिला मीडिया प्रभारी रवि तिवारी, शतीश शर्मा, कमल सिदार एवं संजय सोरेंग उपस्थित रहे।


