*निर्माण कार्यों में सुस्ती पर जिला पंचायत सीईओ सख्त, 15 दिन में प्रगति लाने का अल्टीमेटम*
*लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों की तय होगी जवाबदेही, तकनीकी सहायकों को हितग्राहियों से सीधे संपर्क करने के निर्देश*
सारंगढ़। जिले में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत संचालित निर्माण कार्यों की धीमी रफ्तार पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ऋषिकेश तिवारी ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने अधिकारियों और मैदानी अमले को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आगामी 15 दिनों के भीतर सभी स्वीकृत निर्माण कार्यों में लक्ष्य के अनुरूप प्रगति दिखाई देनी चाहिए। निर्धारित समय-सीमा में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों की जवाबदेही तय कर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के निर्देश पर जिला पंचायत सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में सीईओ ऋषिकेश तिवारी ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) सहित विभिन्न मदों एवं योजनाओं के तहत स्वीकृत निर्माण कार्यों की भौतिक प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान निर्माण कार्यों की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने अधिकारियों को केवल कागजी आंकड़ों तक सीमित न रहने और जमीनी स्तर पर काम की वास्तविक स्थिति सुधारने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा के दौरान सीईओ ने तकनीकी सहायकों को विशेष रूप से सक्रिय रहने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक तकनीकी सहायक अपने क्षेत्र के आवास हितग्राहियों से व्यक्तिगत संपर्क स्थापित करे और निर्माण स्थलों का नियमित निरीक्षण करे। आवास निर्माण में आ रही व्यावहारिक समस्याओं की जानकारी लेकर उनका तत्काल निराकरण कराएं, ताकि हितग्राहियों के मकान समय पर पूरे हो सकें।
सीईओ ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग, मैदानी अमले के बीच बेहतर समन्वय तथा निर्माण की गुणवत्ता बनाए रखते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि आगामी 15 दिनों में कार्यों की प्रगति में सुधार दिखना चाहिए, अन्यथा लापरवाही करने वालों पर कार्रवाई तय है।
बैठक में जिले के सभी जनपद पंचायतों के सीईओ, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के कार्यपालन अभियंता एवं अनुविभागीय अधिकारी, आवास योजना के प्रभारी अधिकारी, सहायक परियोजना अधिकारी, कार्यक्रम अधिकारी, उप अभियंता, विकासखंड आवास समन्वयक एवं तकनीकी सहायक उपस्थित रहे।

