

सारंगढ़। स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सारंगढ़-बिलाईगढ़ यातायात पुलिस ने निजी विद्यालयों के वाहनों के विरुद्ध विशेष जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 11 प्रकरण दर्ज कर कुल 5,500 रुपये का चालान किया गया। पुलिस ने स्कूल प्रबंधन और वाहन संचालकों को निर्धारित क्षमता के अनुसार ही बच्चों को बैठाने तथा शासन द्वारा तय सुरक्षा मानकों का पालन करने की सख्त हिदायत दी है।
पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेंद्र पटेल के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के तहत के.पी. हायर सेकेंडरी स्कूल बांधापाली, न्यू इंडिया पब्लिक स्कूल माधोपाली और भारतमाता स्कूल सालर सहित विभिन्न निजी विद्यालयों की स्कूल बसों एवं वैन की जांच की गई। इस दौरान वाहनों के तकनीकी पहलुओं और आवश्यक दस्तावेजों का निरीक्षण किया गया।
जांच के दौरान कुछ वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने तथा सुरक्षा संबंधी नियमों का पालन नहीं करने की बात सामने आई। यातायात पुलिस ने ऐसे मामलों में कार्रवाई करते हुए मोटरयान अधिनियम की धारा 179(1) के तहत 11 प्रकरण दर्ज किए और 5,500 रुपये का चालान काटा।
बच्चों की सुरक्षा से समझौता बर्दाश्त नहीं
रक्षित निरीक्षक एवं यातायात प्रभारी जितेंद्र कुमार चंद्रा ने विद्यालय प्रबंधन और स्कूल वाहन संचालकों को निर्देशित किया कि वाहनों में निर्धारित क्षमता के अनुरूप ही बच्चों को बैठाया जाए। साथ ही वाहनों के आवश्यक दस्तावेज, तकनीकी स्थिति और सुरक्षा मानकों पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि स्कूली बच्चों की यात्रा सुरक्षित हो सके।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि बच्चों की जान और सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों एवं संबंधित संचालकों के विरुद्ध आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई के दौरान यातायात प्रभारी जितेंद्र कुमार चंद्रा, प्रशिक्षु सूबेदार कमलनारायण साहू, प्रधान आरक्षक मुकेश सहित यातायात पुलिस की टीम मौजूद रही।

