*सेवा संकल्प अभियान में जिला अस्पताल ने दिया स्वच्छता का संदेश, चिकित्सकों से लेकर सफाई कर्मियों तक ने संभाली जिम्मेदारी, अस्पताल परिसर में चला विशेष स्वच्छता अभियान*

By
Kishor Manhar
SEN24.in सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की एक अग्रणी और विश्वसनीय न्यूज़ वेबसाइट एवं यूट्यूब चैनल है, जो स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और सामाजिक मुद्दों की निष्पक्ष व...
- Editor
3 Min Read

 

सारंगढ़, 2 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में शुक्रवार को विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण का संदेश दिया गया। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पेंद्र कुमार वैष्णव के निर्देशन में आयोजित “स्वच्छता की ओर एक कदम” कार्यक्रम में चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, अधिकारी-कर्मचारियों और सफाई कर्मियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल के नेतृत्व में स्वास्थ्य अमले ने जिला अस्पताल के विभिन्न वार्डों, ओपीडी, गलियारों, प्रतीक्षालयों सहित बाहरी परिसर में व्यापक साफ-सफाई की। अभियान के दौरान एकत्रित कचरे का उचित निपटान किया गया। साथ ही जैव चिकित्सा अपशिष्ट के सुरक्षित प्रबंधन और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार निष्पादन पर विशेष ध्यान दिया गया।

स्वास्थ्य कर्मियों को सूखे एवं गीले कचरे को अलग-अलग रखने तथा अस्पताल की स्वच्छता संबंधी निर्धारित व्यवस्थाओं का नियमित रूप से पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।

सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल ने कहा कि स्वच्छ अस्पताल स्वस्थ समाज की पहचान है। जिला अस्पताल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज और उनके परिजन पहुंचते हैं। ऐसे में स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखना स्वास्थ्य सेवाओं का अहम हिस्सा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण संक्रमण की आशंका को कम करने के साथ मरीजों को बेहतर और सुरक्षित स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

मरीजों और परिजनों को भी किया जागरूक

स्वच्छता अभियान के दौरान अस्पताल पहुंचे मरीजों और उनके परिजनों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें अस्पताल परिसर में कचरा नहीं फैलाने तथा निर्धारित कूड़ेदान में ही कचरा डालने की समझाइश दी गई। स्वास्थ्य अमले ने लोगों से स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और अस्पताल परिसर को साफ-सुथरा रखने में सहयोग करने की अपील की।

अभियान के समापन पर अस्पताल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने जिला चिकित्सालय परिसर में नियमित स्वच्छता बनाए रखने तथा आम लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस पहल ने यह संदेश दिया कि स्वच्छ अस्पताल केवल बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की आधारशिला ही नहीं, बल्कि संक्रमण से बचाव और स्वस्थ समाज के निर्माण की सामूहिक जिम्मेदारी भी है।

Share This Article
Follow:
SEN24.in सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की एक अग्रणी और विश्वसनीय न्यूज़ वेबसाइट एवं यूट्यूब चैनल है, जो स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और सामाजिक मुद्दों की निष्पक्ष व त्वरित रिपोर्टिंग के लिए जाना जाता है। हमारा उद्देश्य है – "आपकी आवाज़ को मंच देना और सच्ची खबर सबसे पहले पहुँचाना।" स्थापना के बाद से SEN24.in ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की जमीनी हकीकत को उजागर करते हुए जनता और प्रशासन के बीच एक सशक्त पुल का काम किया है। हम पत्रकारिता के मूल्यों – निष्पक्षता, सत्यता और जवाबदेही – को सर्वोपरि मानते हैं।