सारंगढ़-बिलाईगढ़, 21 अगस्त 2026। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिले के सभी परियोजना अधिकारियों सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारियों की मौजूदगी में कुपोषण मुक्ति अभियान, अटल मॉनिटरिंग पोर्टल, बाल संदर्भ शिविर और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की प्रगति की समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने अटल मॉनिटरिंग पोर्टल की समीक्षा करते हुए बताया कि सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला प्रदेश में आठवें स्थान पर है। उन्होंने अधिकारियों को विभागीय योजनाओं की नियमित निगरानी करने और योजनाओं के क्रियान्वयन में और बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कुपोषित बच्चों की नियमित निगरानी के निर्देश
कुपोषित बच्चों के मामले में कलेक्टर ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि बच्चों की नियमित निगरानी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी परियोजना अधिकारियों को कुपोषित बच्चों को बेहतर पोषण एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा उनकी स्थिति में सुधार के लिए लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने जिले के प्रत्येक सेक्टर में बाल संदर्भ शिविर आयोजित करने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी पात्र बच्चों को शिविर का लाभ दिलाया जाए। साथ ही गंभीर कुपोषित बच्चों की पहचान कर उनके कार्ड बनाने और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने को कहा।
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की खराब प्रगति पर नाराजगी
बैठक में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। योजना की खराब स्थिति पर कलेक्टर ने नाराजगी जाहिर करते हुए अधिकारियों को तत्काल सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने पात्र हितग्राहियों तक योजना का लाभ पहुंचाने और योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में डिप्टी कलेक्टर ऋचा सिंह, राणा विजय, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी उत्तम साहू सहित जिले के सभी परियोजना अधिकारी एवं विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।

