सारंगढ़। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से सारंगढ़ यातायात सेल द्वारा विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 20 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 12,600 रुपये का चालान वसूला गया।
जिला पुलिस एवं यातायात सेल द्वारा चलाए गए इस अभियान में नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई। इसमें तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाने के 8 प्रकरण, बिना हेलमेट वाहन चलाने के 8 प्रकरण, नो एंट्री नियम का उल्लंघन करने के 2 प्रकरण तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करने के 2 प्रकरण शामिल हैं। इस तरह कुल 20 मामलों में वैधानिक कार्रवाई की गई।
लापरवाह वाहन चालकों को दी गई समझाइश
जिला यातायात प्रभारी जितेंद्र कुमार चंद्रा एवं यातायात पुलिस टीम ने वाहन चालकों को समझाइश देते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। थोड़ी सी लापरवाही सड़क पर बड़े हादसे का कारण बन सकती है। दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल का पालन करने की हिदायत दी गई।
बार-बार नियम तोड़ने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
यातायात प्रभारी जितेंद्र कुमार चंद्रा ने स्पष्ट किया कि बार-बार यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। गंभीर एवं बार-बार होने वाले उल्लंघनों के मामलों में ड्राइविंग लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया भी शुरू की जा सकती है।
यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि दोपहिया वाहन में तीन सवारी न बैठाएं, हेलमेट का उपयोग करें, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें तथा नो एंट्री सहित सभी यातायात प्रतिबंधों का पालन करें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा और आम नागरिकों की जान की रक्षा के लिए यह चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


