*बिलाईगढ़ में अपर कलेक्टर कार्यालय शुरू, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की घोषणा हुई पूरी हर गुरुवार लगेगा अपर कलेक्टर का लिंक कोर्ट, क्षेत्रवासियों को अब राजस्व मामलों की सुनवाई के लिए नहीं जाना पड़ेगा सारंगढ़*

By
Kishor Manhar
SEN24.in सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की एक अग्रणी और विश्वसनीय न्यूज़ वेबसाइट एवं यूट्यूब चैनल है, जो स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और सामाजिक मुद्दों की निष्पक्ष व...
- Editor
3 Min Read

 

सारंगढ़ -बिलाईगढ़, बिलाईगढ़ क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की एक महत्वपूर्ण घोषणा अब धरातल पर उतर गई है। ऐतिहासिक राजशाही दशहरा उत्सव के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा बिलाईगढ़ में अपर कलेक्टर कार्यालय की स्थापना की गई घोषणा को जिला प्रशासन ने अमलीजामा पहना दिया है। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू की पहल और लगातार समीक्षा के बाद बिलाईगढ़ में अपर कलेक्टर कार्यालय के संचालन की व्यवस्था सुनिश्चित कर दी गई है।

लंबे समय से बिलाईगढ़ क्षेत्र के नागरिकों द्वारा स्थानीय स्तर पर प्रशासनिक एवं राजस्व सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की जा रही थी। जिला मुख्यालय सारंगढ़ से दूरी होने के कारण लोगों को राजस्व संबंधी मामलों की सुनवाई और अन्य प्रशासनिक कार्यों के लिए बार-बार सारंगढ़ जाना पड़ता था। अब अपर कलेक्टर कार्यालय की स्थापना से क्षेत्र के लोगों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।

हर गुरुवार को लगेगा अपर कलेक्टर का लिंक कोर्ट

कलेक्टर कार्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार बिलाईगढ़ में अपर कलेक्टर कार्यालय का संचालन अस्थायी रूप से न्यायालय नायब तहसीलदार कोर्ट परिसर में किया जाएगा। इसके साथ ही प्रत्येक गुरुवार को अपर कलेक्टर द्वारा लिंक कोर्ट लगाया जाएगा। इस दौरान राजस्व एवं अन्य संबंधित प्रकरणों की सुनवाई और नियमानुसार निराकरण किया जाएगा। संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दस्तावेजों एवं अभिलेखों के साथ निर्धारित दिवस पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।

कलेक्टर की नियमित समीक्षा से पूरी हुई व्यवस्था

मुख्यमंत्री की घोषणा को प्राथमिकता देते हुए कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने कार्यालय संचालन से जुड़ी प्रशासनिक प्रक्रियाओं और आवश्यक व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा की। उनके मार्गदर्शन में संबंधित अधिकारियों के समन्वय से यह व्यवस्था शुरू करने की दिशा में कार्य किया गया।

किसानों, अधिवक्ताओं और आम नागरिकों को मिलेगी राहत

बिलाईगढ़ में अपर कलेक्टर कार्यालय के संचालन से किसानों, अधिवक्ताओं, व्यापारियों और आम नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा। राजस्व मामलों की सुनवाई के लिए सारंगढ़ आने-जाने में लगने वाला समय और आर्थिक खर्च बचेगा। स्थानीय स्तर पर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध होने से लोगों को अपने प्रकरणों के निराकरण में सुविधा मिलेगी।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक, बिलाईगढ़ के वरिष्ठ समाजसेवी श्री ओंकारेश्वर शरण सिंह, अधिवक्तागण, व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधि तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री की इस घोषणा के क्रियान्वयन को बिलाईगढ़ क्षेत्र के लिए प्रशासनिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Share This Article
Follow:
SEN24.in सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की एक अग्रणी और विश्वसनीय न्यूज़ वेबसाइट एवं यूट्यूब चैनल है, जो स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और सामाजिक मुद्दों की निष्पक्ष व त्वरित रिपोर्टिंग के लिए जाना जाता है। हमारा उद्देश्य है – "आपकी आवाज़ को मंच देना और सच्ची खबर सबसे पहले पहुँचाना।" स्थापना के बाद से SEN24.in ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की जमीनी हकीकत को उजागर करते हुए जनता और प्रशासन के बीच एक सशक्त पुल का काम किया है। हम पत्रकारिता के मूल्यों – निष्पक्षता, सत्यता और जवाबदेही – को सर्वोपरि मानते हैं।