*जिले की महिला स्व-सहायता समूहों के उत्पादों को मिलेगा नया बाजार, ‘सरबिला’ सी–मार्ट’ का शुभारंभ*

By
Kishor Manhar
SEN24.in सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की एक अग्रणी और विश्वसनीय न्यूज़ वेबसाइट एवं यूट्यूब चैनल है, जो स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और सामाजिक मुद्दों की निष्पक्ष व...
- Editor
3 Min Read

*महिला स्व-सहायता समूहों के उत्पादों को मिलेगा नया बाजार, ‘सरबिला’ सी–मार्ट’ का शुभारंभ*

*सेवा संकल्प अभियान के तहत स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की पहल, महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता को मिलेगी मजबूती*

*कलेक्टर और जनप्रतिनिधियों ने किया शुभारंभ, महिला समूहों के उत्पादों की सराहना*

सारंगढ़–बिलाईगढ़, 15 अक्टूबर 2026। जिले की महिला स्व-सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उनके द्वारा निर्मित स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में एक नई पहल हुई है। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘सरबिलां सी –मार्ट’ (SHE MART) का शुभारंभ कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय भूषण पांडेय एवं जिला पंचायत सीईओ श्री ऋषिकेश तिवारी ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा-अर्चना की गई।
शुभारंभ के पश्चात कलेक्टर और जनप्रतिनिधियों ने सी –मार्ट में महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने महिलाओं से उत्पादों के निर्माण, गुणवत्ता और विपणन की जानकारी लेते हुए उनके हुनर एवं उद्यमशीलता की सराहना की। कलेक्टर ने कहा कि महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना शासन की प्राथमिकता है। शी मार्ट के माध्यम से समूहों को अपने उत्पाद सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।
सी–मार्ट में जिले के विभिन्न महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार पापड़, बड़ी, अचार, हल्दी, मिर्च-मसाले, देसी गाय का घी, ब्रेड और मीठे ब्रेड सहित अनेक खाद्य सामग्री प्रदर्शित की गई। महिलाओं के हस्तनिर्मित टेडी बियर, थालपोश, मेजपोश तथा दीपावली पर्व के लिए तैयार मिट्टी के दीये और रुई की बातियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं। इन उत्पादों में स्थानीय महिलाओं का कौशल, परिश्रम और रचनात्मकता देखने को मिली।
शी मार्ट की स्थापना से महिला समूहों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और विक्रय के लिए एक साझा मंच उपलब्ध होगा। इससे बिचौलियों पर निर्भरता कम होने के साथ स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार और आयवृद्धि की संभावनाएं बढ़ेंगी। विशेष रूप से आगामी दीपावली पर्व के मद्देनजर समूहों द्वारा तैयार सजावटी एवं घरेलू उपयोग की सामग्री को बाजार मिलने की उम्मीद है।
सेवा संकल्प अभियान के तहत शुरू की गई यह पहल ग्रामीण महिलाओं के हुनर को व्यावसायिक पहचान दिलाने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करेगी। सरबिलां शी मार्ट के माध्यम से जिले के स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को उद्यमिता के नए अवसर मिलेंगे और स्वदेशी उत्पादों के उपयोग को प्रोत्साहन मिलेगा।

Share This Article
Follow:
SEN24.in सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की एक अग्रणी और विश्वसनीय न्यूज़ वेबसाइट एवं यूट्यूब चैनल है, जो स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और सामाजिक मुद्दों की निष्पक्ष व त्वरित रिपोर्टिंग के लिए जाना जाता है। हमारा उद्देश्य है – "आपकी आवाज़ को मंच देना और सच्ची खबर सबसे पहले पहुँचाना।" स्थापना के बाद से SEN24.in ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की जमीनी हकीकत को उजागर करते हुए जनता और प्रशासन के बीच एक सशक्त पुल का काम किया है। हम पत्रकारिता के मूल्यों – निष्पक्षता, सत्यता और जवाबदेही – को सर्वोपरि मानते हैं।