
सारंगढ़। मोटरसाइकिल चोरी के मामलों में कोतवाली सारंगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 8 मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। गिरफ्तार आरोपियों में दो बालिग हैं, जबकि अन्य विधि से संघर्षरत बालक हैं। पुलिस की जांच में सारंगढ़ के अलावा सरायपाली, सागरपाली और रायगढ़ के लंबरपाली क्षेत्र से मोटरसाइकिल चोरी के मामले भी सामने आए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 10 अक्टूबर 2026 को सारंगढ़ बस स्टैंड और जिला अस्पताल के पास से एक ही दिन में दो मोटरसाइकिलें चोरी हुई थीं। शिकायत के आधार पर कोतवाली सारंगढ़ में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज की मदद से संदिग्धों की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने ग्राम रायकोना, थाना सरसीवा निवासी देवचरण (24 वर्ष) और पंकज को पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। उनके कब्जे से चोरी की गई दो मोटरसाइकिलें, जिनकी कीमत लगभग 70 हजार रुपये बताई गई है, बरामद की गईं।
पूछताछ में सामने आए चोरी के छह और मामले
पुलिस की पूछताछ में मोटरसाइकिल चोरी के छह अन्य मामले भी उजागर हुए। जांच में पता चला कि आरोपी जिले के बाहर से भी मोटरसाइकिलें चोरी कर उन्हें ओडिशा में बेचने की फिराक में थे। चोरी के वाहनों में सरायपाली, सागरपाली और रायगढ़ जिले के लंबरपाली क्षेत्र से चुराई गई मोटरसाइकिलें भी शामिल हैं। इन मामलों में संलिप्त अन्य आरोपियों को भी पुलिस ने पकड़ लिया।
आठ वाहन जब्त, आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कुल आठ मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। जब्त वाहनों में हीरो एचएफ डीलक्स, स्कूटी और हीरो स्प्लेंडर सहित विभिन्न दोपहिया वाहन शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत कार्रवाई की गई है।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र कुमार पटेल और एसडीओपी सारंगढ़ गोविंद दीवान के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में प्रशिक्षु उप निरीक्षक विवेक सिंह चौहान, एएसआई रजक, प्रधान आरक्षक भुवन लाल काटले, महेंद्र सिंह मार्को, केशव प्रसाद देवता तथा आरक्षक नंदकिशोर भारद्वाज और संजय भारद्वाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

