*बैगिनडीह के हस्तशिल्प कलाकारों को मिली नई सौगात, 8 लाख रुपए से तैयार सुविधा केंद्र का लोकार्पण*

By
Kishor Manhar
SEN24.in सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की एक अग्रणी और विश्वसनीय न्यूज़ वेबसाइट एवं यूट्यूब चैनल है, जो स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और सामाजिक मुद्दों की निष्पक्ष व...
- Editor
3 Min Read

 

*बैगिनडीह के हस्तशिल्प कलाकारों को मिली नई सौगात, 8 लाख रुपए से तैयार सुविधा केंद्र का लोकार्पण*

*जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय, कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू और जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी ने फीता काटकर किया शुभारंभ*

*राष्ट्रपति से सम्मानित शिल्पकार हीरा बाई झरेखा का कलेक्टर ने पुष्प भेंटकर किया सम्मान*

*झारा आर्ट के शिल्पकारों को एक ही स्थान पर मिलेगी कार्यस्थल की सुविधा, रोजगार और आजीविका को मिलेगा बढ़ावा*

सारंगढ़–बिलाईगढ़, 09 अक्टूबर 2026। सारंगढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत बैगिनडीह में पारंपरिक हस्तशिल्प कला को प्रोत्साहन देने और स्थानीय शिल्पकारों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। ग्राम पंचायत में डीएमएफ मद से वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत 8 लाख रुपए की लागत से जीर्णोद्धारित सामान्य सुविधा केंद्र भवन का जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय भूषण पाण्डेय, कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू एवं जिला पंचायत सीईओ श्री ऋषिकेश तिवारी ने फीता काटकर लोकार्पण किया।

ग्राम बैगिनडीह अपनी पारंपरिक हस्तशिल्प कला झारा आर्ट के लिए विशेष पहचान रखता है। यहां के स्थानीय शिल्पकार अपनी कलात्मक प्रतिभा से विभिन्न प्रकार की आकर्षक हस्तनिर्मित वस्तुएं तैयार करते हैं। इन उत्पादों की शहरी क्षेत्रों में भी अच्छी मांग है। अब सामान्य सुविधा केंद्र के माध्यम से गांव के शिल्पकारों को एक ही स्थान पर अपनी कलाकृतियां तैयार करने के लिए बेहतर कार्यस्थल उपलब्ध होगा।

इस केंद्र के शुरू होने से झारा आर्ट से जुड़े ग्रामीण कारीगरों को अपने उत्पादों के निर्माण में सुविधा मिलेगी। साथ ही पारंपरिक कला को बढ़ावा मिलने, स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने और ग्रामीणों की आजीविका सुदृढ़ होने की उम्मीद है। यह पहल बैगिनडीह की हस्तशिल्प कला को नई पहचान दिलाने और शिल्पकारों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।

*राष्ट्रपति से सम्मानित शिल्पकार हीरा बाई झरेखा का हुआ सम्मान*

कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने राष्ट्रपति से सम्मानित स्थानीय हस्तशिल्प कलाकार श्रीमती हीरा बाई झरेखा को पुष्प भेंटकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उनकी पारंपरिक हस्तशिल्प कला के क्षेत्र में उपलब्धियों और योगदान की सराहना की गई। उनका सम्मान स्थानीय शिल्पकारों के लिए प्रेरणादायक रहा।

*जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने खरीदी हस्तशिल्प कलाकृतियां*

लोकार्पण के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष, कलेक्टर एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने स्थानीय शिल्पकारों द्वारा झारा आर्ट से तैयार की गई विभिन्न कलाकृतियों का अवलोकन किया। उन्होंने हस्तनिर्मित उत्पादों की खरीदी कर स्थानीय कारीगरों की कला और मेहनत को प्रोत्साहित किया।

इस अवसर पर जनपद पंचायत सारंगढ़ के सीईओ श्री राधेश्याम नायक, श्री ज्योति पटेल, श्री संजू पटेल, ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, शिल्पकार एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Share This Article
Follow:
SEN24.in सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की एक अग्रणी और विश्वसनीय न्यूज़ वेबसाइट एवं यूट्यूब चैनल है, जो स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और सामाजिक मुद्दों की निष्पक्ष व त्वरित रिपोर्टिंग के लिए जाना जाता है। हमारा उद्देश्य है – "आपकी आवाज़ को मंच देना और सच्ची खबर सबसे पहले पहुँचाना।" स्थापना के बाद से SEN24.in ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की जमीनी हकीकत को उजागर करते हुए जनता और प्रशासन के बीच एक सशक्त पुल का काम किया है। हम पत्रकारिता के मूल्यों – निष्पक्षता, सत्यता और जवाबदेही – को सर्वोपरि मानते हैं।