*दनसरा में जिला स्तरीय सेवा सेतु शिविर, एक ही जगह मिलीं अनेक शासकीय सेवाएं*

By
Kishor Manhar
SEN24.in सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की एक अग्रणी और विश्वसनीय न्यूज़ वेबसाइट एवं यूट्यूब चैनल है, जो स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और सामाजिक मुद्दों की निष्पक्ष व...
- Editor
5 Min Read

कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू और जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय ने विभागीय स्टॉलों का किया निरीक्षण, 125 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण

सारंगढ़-बिलाईगढ़। सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत सारंगढ़ विकासखंड के ग्राम दनसरा में जिला स्तरीय सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू और जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय भूषण पांडेय ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी ली।

शिविर में राजस्व, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, कृषि, मत्स्य पालन, पंचायत, आयुष सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ मौके पर ही आवेदन एवं आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराईं। सेवा सेतु के माध्यम से नागरिकों को 907 विभिन्न सेवाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन एवं सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। शिविर में जाति, निवास एवं आय प्रमाण पत्र, आधार अपडेट और पंजीयन सहित विभिन्न सेवाओं के आवेदन लिए गए। लगभग 142 जाति एवं निवास संबंधी प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए पात्र हितग्राहियों को प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की गई।

125 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण

स्वास्थ्य विभाग के शिविर में 125 से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया। टीबी जांच के लिए डिजिटल चेस्ट एक्स-रे की सुविधा भी उपलब्ध रही। हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए तथा टीबी मरीजों को निक्षय मित्र किट प्रदान की गई। स्वास्थ्य अमले ने ग्रामीणों को बीमारियों से बचाव, समय पर जांच और उपचार के प्रति जागरूक किया।

गोदभराई, अन्नप्राशन और बालिका जन्मोत्सव

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पोषण एवं पौष्टिक आहार पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई। इस दौरान तीन गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और दो बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। वहीं एक बालिका का जन्मोत्सव केक काटकर उत्साहपूर्वक मनाया गया। विभागीय अधिकारियों ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, संतुलित आहार और कुपोषण से बचाव के संबंध में जानकारी दी।

हितग्राहियों को मौके पर मिले प्रमाण पत्र और सामग्री

शिविर में पात्र हितग्राहियों को विवाह पंजीयन प्रमाण पत्र, वृद्धावस्था पेंशन से संबंधित लाभ तथा निवास एवं आय प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। राजस्व विभाग द्वारा खसरा बी-1 एवं आबादी पट्टा वितरित किया गया। मत्स्य पालन विभाग की ओर से हितग्राहियों को मछली पकड़ने के जाल एवं आइस बॉक्स दिए गए। कृषि विभाग द्वारा किसान समृद्धि योजना के तहत दो हितग्राहियों को कुल 43 हजार रुपये के चेक प्रदान किए गए।

गांव में ही अधिक से अधिक सेवाएं उपलब्ध कराना उद्देश्य : कलेक्टर

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने कहा कि सेवा सेतु के अंतर्गत शासन द्वारा अनेक नई सेवाओं को जोड़ा गया है। जाति, निवास एवं आय प्रमाण पत्र के साथ आधार अपडेट, पंजीयन तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित सेवाओं का लाभ ग्रामीणों को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि ग्रामीणों को आवश्यक शासकीय सेवाओं के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें अपने क्षेत्र में ही सुविधाओं का लाभ मिले। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित शिविर इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं और विभिन्न विभागों की सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।

कलेक्टर ने ग्राम दनसरा की महिलाओं द्वारा महतारी वंदन योजना से प्राप्त राशि में से स्वेच्छा से राशि एकत्र कर मंदिर निर्माण की पहल की सराहना की और महिलाओं की इस सामुदायिक पहल का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम में एसडीएम सारंगढ़ श्री उमेश साहू, जिला पंचायत सदस्य श्री विनोद भारद्वाज, डिप्टी कलेक्टर श्री राणा विजय, पूर्व विधायक श्री शमशेर सिंह, श्री सतीश शर्मा, जनपद पंचायत सारंगढ़ के सीईओ श्री राधेश्याम नायक, तहसीलदार श्री सिन्हा, जनपद सदस्य श्रीमती सुशीला पटेल, ग्राम पंचायत दनसरा की सरपंच श्रीमती पदमा निषाद सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Share This Article
Follow:
SEN24.in सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की एक अग्रणी और विश्वसनीय न्यूज़ वेबसाइट एवं यूट्यूब चैनल है, जो स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और सामाजिक मुद्दों की निष्पक्ष व त्वरित रिपोर्टिंग के लिए जाना जाता है। हमारा उद्देश्य है – "आपकी आवाज़ को मंच देना और सच्ची खबर सबसे पहले पहुँचाना।" स्थापना के बाद से SEN24.in ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की जमीनी हकीकत को उजागर करते हुए जनता और प्रशासन के बीच एक सशक्त पुल का काम किया है। हम पत्रकारिता के मूल्यों – निष्पक्षता, सत्यता और जवाबदेही – को सर्वोपरि मानते हैं।