सरसींवा, 21 सितंबर 2026। सरसींवा पुलिस ने रात के समय ट्रक रोककर चालक व उसके साथी से मारपीट कर मोबाइल, गैस चूल्हा और कोल्ड ड्रिंक की पेटियां लूटने के मामले का खुलासा करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से घटना में प्रयुक्त चार मोटरसाइकिल सहित लूट का सामान बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी राजशांति प्रकाश बिके अपने भाई के साथ ट्रक क्रमांक एमएच 33 टी 7010 में ओडिशा के बरगढ़ से कोल्ड ड्रिंक की पेटियां लेकर बिलासपुर जा रहे थे। 18 सितंबर की रात करीब 2:30 बजे गाताडीह शासकीय अस्पताल के सामने चार मोटरसाइकिलों में सवार आरोपियों ने ट्रक को रोक लिया। आरोपियों ने ट्रक के सामने आकर पत्थर मारकर उसका शीशा तोड़ दिया और चालक व उसके साथी के साथ गाली-गलौज एवं मारपीट की। इसके बाद मोबाइल फोन, गैस चूल्हा और कोल्ड ड्रिंक की पेटियां लेकर फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सरसींवा पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित कर क्षेत्र में सूचना तंत्र सक्रिय किया। संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने ग्राम सोहागपुर, जोगेसरा, सरसींवा, मोहतरा (न), चिचोली और तिलाईपाली क्षेत्र के संदिग्धों से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने सुनसान सड़क पर दूसरे राज्य के वाहनों को निशाना बनाने की योजना और वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 4 मोटरसाइकिल, प्रार्थी का मोबाइल फोन, गैस चूल्हा और कोल्ड ड्रिंक की पेटियां बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ के विरुद्ध पूर्व में भी विभिन्न थानों में आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में यशस्वी साहू उर्फ बंटी साहू (19), यशवंत साहू उर्फ सोनू साहू (21), देवेन्द्र साहू उर्फ नानु (20), पुष्पेन्द्र चैहान (18 वर्ष 9 माह), शशांक रात्रे उर्फ राजा रात्रे (21), छोटेलाल साहू (21) और मुकेश कुर्रे (21) शामिल हैं। इनके साथ एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया है।
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में थाना सरसींवा में अपराध क्रमांक 246/2026, धारा 310(2), 126(2), 324(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है।


