सारंगढ़–बिलाईगढ़, 21 सितंबर 2026। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देशानुसार सेवा संकल्प अभियान के तहत शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) सारंगढ़-चंदाई परिसर में वन मंडल सारंगढ़ एवं आईटीआई के संयुक्त तत्वावधान में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आईटीआई के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पौधरोपण के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
आईटीआई परिसर में 100 से अधिक पौधों का रोपण किया गया। इस दौरान अशोक, बरगद, पाम ट्री, जामुन, कटहल, अमरूद, गुड़हल, स्टार फ्रूट, बॉटल पाम और नाग चंपा सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। छात्र-छात्राओं को पौधों की नियमित देखभाल, सिंचाई और संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया, ताकि रोपे गए पौधे भविष्य में परिसर की हरियाली बढ़ाने के साथ पर्यावरण संरक्षण में योगदान दे सकें।
कार्यक्रम के दौरान ‘नमो सेवा गाथा’ के अंतर्गत सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया गया। कलाकारों ने पेड़ बचाओ और पर्यावरण संरक्षण विषय पर प्रभावी प्रस्तुति देते हुए पेड़ों के महत्व, अधिक से अधिक पौधरोपण करने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का संदेश दिया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों को पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय भूषण पांडेय, पूर्व विधायक श्रीमती केरा बाई मनहर, श्रीमती ज्योति पटेल, सारंगढ़ एसडीएम श्री उमेश कुमार साहू, डिप्टी कलेक्टर श्री राणा विजय एवं वन विभाग के एसडीओ श्री अंकित पांडेय सहित वन विभाग एवं आईटीआई के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम ने पौधरोपण को जनभागीदारी से जोड़ते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता का संदेश दिया।

