सारंगढ़-बिलाईगढ़। बिलाईगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग मामलों में लापता हुईं दो नाबालिग बालिकाओं को जम्मू-कश्मीर से सकुशल बरामद किया है। पुलिस ने दोनों मामलों में बालिकाओं को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने और दुष्कर्म करने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, पहला मामला 20 जनवरी 2026 का है। एक नाबालिग बालिका की मां ने थाना बिलाईगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी बेटी घर से बिना बताए कहीं चली गई है और किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसे बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका है।
वहीं दूसरा मामला 23 मार्च 2026 का है। इसमें भी एक नाबालिग बालिका के पिता ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी बेटी रात में घर से बिना बताए चली गई है और किसी व्यक्ति द्वारा उसे बहला-फुसलाकर ले जाया गया है।
दोनों मामलों में पुलिस ने अलग-अलग अपराध दर्ज कर बालिकाओं की तलाश शुरू की। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस को दोनों बालिकाओं के जम्मू-कश्मीर में होने की जानकारी मिली।
इसके बाद पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेंद्र पटेल और एसडीओपी दीपिका मिंज के निर्देशन में पुलिस टीम जम्मू-कश्मीर पहुंची।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग बालिका को जम्मू जिले के नागमणि क्षेत्र से आरोपी रोशन बंजारे के कब्जे से तथा दूसरी बालिका को बड़गांव क्षेत्र से आरोपी शिवा पटेल के कब्जे से बरामद किया।
बरामदगी के बाद दोनों बालिकाओं को बिलाईगढ़ लाकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में बालिकाओं ने आरोपियों द्वारा उन्हें बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने और मंदिर में शादी करने के बाद दुष्कर्म किए जाने की जानकारी दी।
मामले में पुलिस ने रोशन बंजारे, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम पचरी, थाना बिलाईगढ़ और शिवा पटेल, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम तेंदुमुड़ी, थाना बिलाईगढ़ को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
वहीं पुलिस ने दोनों नाबालिग बालिकाओं को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से लंबे समय से लापता दोनों बालिकाओं की सुरक्षित बरामदगी संभव हो सकी।


