सारंगढ़। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में बुधवार को मेला ग्राउंड में केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर पार्टी के राष्ट्रीय नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में जमकर नारेबाजी की। इस दौरान पुतला दहन को लेकर पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हल्की झूमाझपटी भी हुई, हालांकि स्थिति जल्द ही सामान्य हो गई।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ताराचंद देवांगन के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित कांग्रेस सांसदों और वरिष्ठ नेताओं के विरुद्ध की गई कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है, जिसकी कांग्रेस कड़ी निंदा करती है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने छात्र समुदाय के समर्थन में भी आवाज उठाई और केंद्र सरकार से लोकतांत्रिक अधिकारों का सम्मान करने की मांग की।
इस विरोध प्रदर्शन में बिलाईगढ़ विधायक कविता प्राण लहरे, संजय दुबे, सूरज तिवारी, घनश्याम मनहर, विनोद भारद्वाज, उमेश केशरवानी, राधेश्याम जायसवाल, नितीश बंजारे, रविंद्र नंदे, रमेश खुंटे, राकेश पटेल, रामनाथ सिदार, शुभम बाजपेयी, अभिषेक शर्मा, राजकमल अग्रवाल, गोलू, मितेंद्र यादव सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


