सारंगढ़। ग्राम पंचायत परसदा छोटे में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। गांव निवासी जलसाय बरिहा का शव गुरुवार शाम सड़क किनारे एक गहरे गड्ढे में मिलने से सनसनी फैल गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने गांव में लंबे समय से चल रहे अवैध महुआ शराब के कारोबार को लेकर पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
जानकारी के अनुसार, जलसाय बरिहा बुधवार रात करीब 8 बजे घर से निकला था। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन लगातार बारिश और अंधेरे के कारण उसका पता नहीं चल सका। गुरुवार शाम करीब 4 बजे ग्रामीणों ने सड़क किनारे बने गड्ढे में एक शव देखा, जिसकी पहचान जलसाय बरिहा के रूप में हुई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
घटना की जानकारी मिलते ही कनकबीरा चौकी प्रभारी टीकाराम खटकर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जानकारी में यह सामने आया है कि मृतक शराब के नशे में था और तेज बारिश के दौरान अनियंत्रित होकर गड्ढे में गिर गया होगा। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों को लेकर अभी कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला गया है। वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
घटना के बाद ग्रामीणों ने गांव में खुलेआम चल रहे अवैध महुआ शराब के कारोबार पर नाराजगी जताई। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के कई घरों में लंबे समय से अवैध शराब की बिक्री हो रही है, जिससे गरीब परिवार प्रभावित हो रहे हैं, घरेलू विवाद बढ़ रहे हैं और नशे के कारण गंभीर घटनाएं सामने आ रही हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में कई बार पुलिस, आबकारी विभाग और प्रशासन से शिकायत की गई, लेकिन कार्रवाई प्रभावी नहीं रही। उनका आरोप है कि कुछ दिनों की सख्ती के बाद अवैध कारोबार फिर शुरू हो जाता है।
ग्राम पंचायत परसदा छोटे की सरपंच कौशल्या सत्येंद्र सिदार ने कहा कि गांव में बिक रही अवैध शराब की शिकायत कई बार की गई है, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है।
वहीं, कनकबीरा चौकी प्रभारी टीकाराम खटकर ने कहा, “मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। अवैध शराब की बिक्री पर कार्रवाई नहीं होने की बात सही नहीं है। पुलिस लगातार कार्रवाई करती रही है और आगे भी कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।”
घटना के बाद ग्रामीणों ने अवैध शराब के पूरे नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जांच के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
*परसदा छोटे में संदिग्ध मौत से हड़कंप, अवैध महुआ शराब के कारोबार पर उठे सवाल*
SEN24.in सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की एक अग्रणी और विश्वसनीय न्यूज़ वेबसाइट एवं यूट्यूब चैनल है, जो स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और सामाजिक मुद्दों की निष्पक्ष व त्वरित रिपोर्टिंग के लिए जाना जाता है। हमारा उद्देश्य है – "आपकी आवाज़ को मंच देना और सच्ची खबर सबसे पहले पहुँचाना।"
स्थापना के बाद से SEN24.in ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की जमीनी हकीकत को उजागर करते हुए जनता और प्रशासन के बीच एक सशक्त पुल का काम किया है। हम पत्रकारिता के मूल्यों – निष्पक्षता, सत्यता और जवाबदेही – को सर्वोपरि मानते हैं।

