सारंगढ़। भारतीय जनता पार्टी जिला सारंगढ़ द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत दो दिवसीय जिला स्तरीय आवासीय प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ सोमवार को टिमरलगा स्थित जगदम्बा फन वर्ल्ड में भव्य एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों एवं जिलेभर से पहुंचे सैकड़ों कार्यकर्ताओं की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही। पूरे दिन संगठनात्मक गतिविधियों एवं वैचारिक सत्रों का उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जहां प्रदेश एवं संगठन की सुख-समृद्धि तथा कार्यकर्ताओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने तिलक लगाकर सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का स्वागत किया। इसके बाद भाजपा ध्वजारोहण कर प्रशिक्षण महाअभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया।

प्रथम सत्र में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्रही ने “प्रशिक्षण वर्ग का महत्व एवं कार्य पद्धति” विषय पर संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा राष्ट्रसेवा और अंत्योदय के सिद्धांतों पर कार्य करने वाला संगठन है। उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य करता है। उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनकी विचारधारा और कार्यकर्ताओं की मेहनत के बल पर भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बनी है।
द्वितीय सत्र में प्रदेश संगठन से हितानंद अग्रवाल ने “विचार परिवार” विषय पर संगठन की कार्यशैली, अनुशासन और बूथ सशक्तिकरण पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। वहीं तृतीय सत्र में राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष संदीप शर्मा ने “देश के समक्ष चुनौतियां” विषय पर कार्यकर्ताओं को जानकारी दी।
चतुर्थ सत्र में पूर्व सांसद ने “कार्यकर्ता विकास – गुण, आचरण और दायित्व बोध” विषय पर कहा कि एक आदर्श कार्यकर्ता का व्यवहार ही संगठन की पहचान होता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को सेवा, समर्पण और अनुशासन के साथ संगठन कार्य करने की प्रेरणा दी।
पंचम सत्र में प्रदेश भाजपा प्रवक्ता अमित चिमनानी ने “मीडिया प्रबंधन” विषय पर कार्यकर्ताओं को सरल एवं प्रभावी तरीके से मीडिया की भूमिका और उसकी ताकत के बारे में जानकारी दी। उनके संबोधन से कार्यकर्ताओं में मीडिया को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।
सप्तम सत्र में संभाग प्रभारी रामु रोहरा ने “एकात्म मानववाद दर्शन” विषय पर विस्तार से मार्गदर्शन देते हुए कहा कि प्रशिक्षण महाअभियान कार्यकर्ता निर्माण की सतत साधना है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीति-नीति और सेवा भावना को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रहा है।
अष्टम सत्र में जिला प्रभारी शंकर अग्रवाल ने “हमारा इतिहास – हमारा विकास” विषय पर उद्बोधन देते हुए भाजपा की वैचारिक पृष्ठभूमि और संगठनात्मक विकास पर प्रकाश डाला। वहीं अंतिम द्वादश सत्र में रायगढ़ लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया ने “गरीब कल्याण योजनाओं एवं उनके क्रियान्वयन में संगठन की भूमिका” विषय पर कार्यकर्ताओं को जानकारी प्रदान की।
प्रशिक्षण वर्ग के अंतिम दिवस पर प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी का आगमन हुआ, जहां महिला मोर्चा ने तिलक लगाकर उनका स्वागत किया। मंच से कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए ओपी चौधरी ने आगामी विधानसभा चुनाव में सारंगढ़ जिले की दोनों सीटों पर जीत का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि पूरे छत्तीसगढ़ में सारंगढ़ जिले में सबसे अधिक कार्यकर्ता इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल हुए हैं, जो संगठन की मजबूती और आगामी चुनावी सफलता का संकेत है।
कार्यक्रम के विभिन्न सत्रों की अध्यक्षता कमलेश जांगड़े, पूर्व सांसद गुहाराम अजगल्ले, संजय भूषण पांडेय, वेदराम जांगड़े, भुवन मिश्रा, सुभाष जालान, केराबाई मनहर, शमशेर सिंह, जवाहर नायक, कामदा जोल्हे एवं ज्योति पटेल ने की।
जिला भाजपा मीडिया प्रभारी रवि तिवारी ने बताया कि प्रशिक्षण वर्ग में प्रदेश उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्रही, प्रदेश प्रवक्ता वेदराम जांगड़े, राष्ट्रीय अल्पसंख्यक मोर्चा सदस्य नजमा खान, जिला प्रभारी शंकर अग्रवाल, जिलाध्यक्ष ज्योति पटेल, जिला महामंत्री अमित तिवारी, द्वारिका साहू सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, महिला मोर्चा की पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पूरे दिन चले विभिन्न सत्रों में कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रशिक्षण वर्ग में संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति, सेवा कार्य, जनकल्याण योजनाओं के क्रियान्वयन एवं कार्यकर्ता विकास जैसे विषयों पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया।


