*सड़क दुर्घटना पीड़ितों के उपचार में सहारा बनेगी पीएम राहत योजना *पात्र दुर्घटना पीड़ितों को मिलेगी 1 लाख 50 हजार रुपए तक निःशुल्क उपचार की सुविधा*

By
Kishor Manhar
SEN24.in सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की एक अग्रणी और विश्वसनीय न्यूज़ वेबसाइट एवं यूट्यूब चैनल है, जो स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और सामाजिक मुद्दों की निष्पक्ष व...
- Editor
4 Min Read

 

*सड़क दुर्घटना पीड़ितों के उपचार में सहारा बनेगी पीएम राहत योजना*

*पात्र दुर्घटना पीड़ितों को मिलेगी 1 लाख 50 हजार रुपए तक निःशुल्क उपचार की सुविधा*

*कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने कहा—योजना का व्यापक प्रचार कर प्रत्येक पात्र पीड़ित तक पहुंचाएं लाभ*

सारंगढ़–बिलाईगढ़, 05 अक्टूबर 2026। सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय पर उपचार उपलब्ध कराने और उपचार पर होने वाले आर्थिक बोझ से राहत दिलाने के उद्देश्य से संचालित पीएम राहत योजना का लाभ जिले के प्रत्येक पात्र दुर्घटना पीड़ित तक पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष पहल की है। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में स्वास्थ्य एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों, निजी अस्पतालों के प्रतिनिधियों तथा संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और दुर्घटना पीड़ितों को समय पर इससे जोड़कर निःशुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि पीएम राहत योजना 13 फरवरी 2026 से प्रारंभ की गई है। योजना के तहत पात्र सड़क दुर्घटना पीड़ितों को 1 लाख 50 हजार रुपए तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने का प्रावधान है। दुर्घटना के बाद घायल व्यक्ति और उसके परिजनों के सामने तत्काल उपचार की चुनौती को देखते हुए योजना के माध्यम से पात्र पीड़ित को समय पर उपचार उपलब्ध कराना इसका प्रमुख उद्देश्य है।
कलेक्टर ने कहा कि योजना की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचना बेहद जरूरी है। दुर्घटना की स्थिति में जानकारी के अभाव में कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित नहीं होना चाहिए। उन्होंने स्वास्थ्य और पुलिस विभाग को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा अस्पतालों में पहुंचने वाले पात्र सड़क दुर्घटना पीड़ितों को प्राथमिकता से योजना से जोड़ने के निर्देश दिए। निजी अस्पतालों के प्रतिनिधियों से भी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने कहा गया।
बैठक में सड़क दुर्घटनाओं से जुड़े उपचार की स्थिति की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि जून से अगस्त 2026 के दौरान जिले में सड़क दुर्घटना से संबंधित कुल 566 मरीजों को जिला अस्पताल सहित अन्य शासकीय अस्पतालों में भर्ती कर उपचार उपलब्ध कराया गया। कलेक्टर ने दुर्घटना पीड़ितों को त्वरित उपचार के साथ पात्रतानुसार पीएम राहत योजना का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अस्पतालों और प्रमुख स्थानों पर योजना से संबंधित जानकारी का प्रचार-प्रसार करने के साथ पुलिस एवं स्वास्थ्य अमले को भी लोगों को योजना के प्रावधानों के प्रति जागरूक करने कहा, ताकि आवश्यकता के समय पीड़ित और उसके परिजन योजना का लाभ आसानी से प्राप्त कर सकें।
बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पेंद्र कुमार वैष्णव, डिप्टी कलेक्टर वर्षा बंसल, आयुष्मान भारत के जिला समन्वयक श्री रोशन सचदेवा, पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जिले के निजी अस्पतालों के प्रतिनिधि तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share This Article
Follow:
SEN24.in सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की एक अग्रणी और विश्वसनीय न्यूज़ वेबसाइट एवं यूट्यूब चैनल है, जो स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और सामाजिक मुद्दों की निष्पक्ष व त्वरित रिपोर्टिंग के लिए जाना जाता है। हमारा उद्देश्य है – "आपकी आवाज़ को मंच देना और सच्ची खबर सबसे पहले पहुँचाना।" स्थापना के बाद से SEN24.in ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की जमीनी हकीकत को उजागर करते हुए जनता और प्रशासन के बीच एक सशक्त पुल का काम किया है। हम पत्रकारिता के मूल्यों – निष्पक्षता, सत्यता और जवाबदेही – को सर्वोपरि मानते हैं।