*अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर आशा निकेतन में वृद्धजनों का हुआ सम्मान, कलेक्टर और एसपी ने वृद्धजनों के साथ किया भोजन, कैरम खेलकर साझा किए आत्मीय पल*

By
Kishor Manhar
SEN24.in सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की एक अग्रणी और विश्वसनीय न्यूज़ वेबसाइट एवं यूट्यूब चैनल है, जो स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और सामाजिक मुद्दों की निष्पक्ष व...
- Editor
4 Min Read

 

निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में 220 वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण, 800 से अधिक लोगों की रही सहभागिता

सारंगढ़–बिलाईगढ़, 01 अक्टूबर 2026। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर बुधवार को आशा निकेतन वृद्धाश्रम का माहौल आत्मीयता और अपनत्व से भरा नजर आया। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत समाज कल्याण विभाग द्वारा आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में वृद्धजनों का शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया। इस दौरान विभिन्न समाजों, सामाजिक संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने भी वृद्धजनों के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए उनकी आवश्यकताओं के लिए सहयोग के हाथ बढ़ाए। कार्यक्रम में 800 से अधिक लोगों की सहभागिता रही।
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू और पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा ने औपचारिकताओं से अलग वृद्धजनों के बीच समय बिताया। उन्होंने बुजुर्गों से आत्मीय बातचीत कर उनका हालचाल जाना और उनके साथ कैरम भी खेला। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने वृद्धजनों के साथ बैठकर भोजन किया। प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को अपने बीच पाकर वृद्धजनों में भी उत्साह दिखाई दिया और उन्होंने सहजता से उनसे अपनी बातें साझा कीं।

*बुजुर्गों का सम्मान और देखभाल परिवार व समाज की जिम्मेदारी : कलेक्टर*

कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने कहा कि बुजुर्ग हमारे परिवार और समाज का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। माता-पिता और दादा-दादी की देखभाल तथा उनका सम्मान करना परिवार की जिम्मेदारी है। वृद्धजनों की सेवा पूरी संवेदनशीलता और सेवाभाव से होनी चाहिए तथा उनकी आवश्यकताओं और सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए।
कलेक्टर ने कहा कि आशा निकेतन में निवासरत वृद्धजनों के लिए शासन द्वारा आवास, भोजन और स्वास्थ्य परीक्षण सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस जैसे आयोजन केवल सम्मान तक सीमित नहीं हैं, बल्कि युवा पीढ़ी को यह संदेश भी देते हैं कि परिवार और समाज में बुजुर्गों के अनुभव का सम्मान करते हुए उनके साथ आत्मीय संवाद बनाए रखना आवश्यक है।

*स्वास्थ्य शिविर में 220 वृद्धजनों की हुई जांच*
कार्यक्रम के साथ आयुष एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू और पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा ने स्वास्थ्य विभाग के शिविर का अवलोकन कर वृद्धजनों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। शिविर में करीब 220 वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। अतुल्य वेलनेस सेंटर द्वारा भी शिविर के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं।
वृद्धजनों के सम्मान और सहयोग के लिए विभिन्न सामाजिक संगठनों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। केशरवानी समाज एवं वी क्लब द्वारा वृद्धजनों को शॉल और श्रीफल भेंट किए गए। नगर पालिका अध्यक्ष श्री अजय बंजारे द्वारा दो सामुदायिक कुर्सियां प्रदान की गईं। अग्रवाल समाज ने मिष्ठान एवं वस्त्र वितरित किए, वहीं परशुराम सेवा समिति द्वारा 50 श्रीफल प्रदान किए गए। अन्य सामाजिक संस्थाओं और समाजसेवियों ने भी वृद्धजनों की जरूरतों के अनुरूप सहयोग किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय भूषण पांडेय, श्री ज्योति पटेल, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री राधेश्याम नायक, समाज कल्याण विभाग के श्री विनय तिवारी, श्री भुवन मिश्रा, श्री विनोद भारद्वाज, श्री निखिल पानी, श्री जगन्नाथ केशरवानी सहित विभिन्न समाजों एवं संस्थाओं के प्रतिनिधि, आयुष एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में वृद्धजन एवं नागरिक उपस्थित रहे।
समाचार क्रमांक 891// गुलाब डड़सेना

Share This Article
Follow:
SEN24.in सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की एक अग्रणी और विश्वसनीय न्यूज़ वेबसाइट एवं यूट्यूब चैनल है, जो स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और सामाजिक मुद्दों की निष्पक्ष व त्वरित रिपोर्टिंग के लिए जाना जाता है। हमारा उद्देश्य है – "आपकी आवाज़ को मंच देना और सच्ची खबर सबसे पहले पहुँचाना।" स्थापना के बाद से SEN24.in ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की जमीनी हकीकत को उजागर करते हुए जनता और प्रशासन के बीच एक सशक्त पुल का काम किया है। हम पत्रकारिता के मूल्यों – निष्पक्षता, सत्यता और जवाबदेही – को सर्वोपरि मानते हैं।