सरसीवां। तहसील क्षेत्र में पेंड्रावन–सरधाभाठा–बालपुर–कोसीर मार्ग के निर्माण, चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण तथा बालपुर में संचालित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल भवन का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने ड्यूटी कलेक्टर श्रीमती रिचा सिंह को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में ग्रामीणों ने सड़क और स्कूल भवन से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र निराकरण करते हुए 15 अगस्त 2026 तक सकारात्मक कार्रवाई किए जाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क का निर्माण एवं मजबूतीकरण होने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा, वहीं स्कूल भवन का निर्माण होने से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकेंगी।

ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समयसीमा में मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होने पर 17 अगस्त 2026 से लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।
ग्रामीणों के अनुसार यह मांग किसी व्यक्ति विशेष के विरोध में नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास, बेहतर आवागमन और बच्चों के भविष्य से जुड़ा जनहित का मुद्दा है। अब देखना होगा कि शासन-प्रशासन इस मांग पर कब तक सकारात्मक पहल करता
है।


