*जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनीं आमजनों की समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश, राखड़ से पोखर पाटने, बीमा राशि, आवास की किस्त, पेंशन, दिव्यांग बच्चे के लिए व्हीलचेयर सहित विभिन्न मांगों पर पहुंचे आवेदन*

By
Kishor Manhar
SEN24.in सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की एक अग्रणी और विश्वसनीय न्यूज़ वेबसाइट एवं यूट्यूब चैनल है, जो स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और सामाजिक मुद्दों की निष्पक्ष व...
- Editor
4 Min Read

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 22 सितंबर 2026। जिले में आमजनों की समस्याओं, मांगों और शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए आयोजित जनदर्शन में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं गंभीरतापूर्वक सुनीं। उन्होंने आवेदकों से उनकी समस्याओं की जानकारी लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनदर्शन में पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ऋषिकेश तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

जनदर्शन में ग्राम टुण्डरी के ग्रामीणों ने शासकीय भूमि में स्थित पोखरनुमा गड्ढे को राखड़ से पाटे जाने पर आपत्ति दर्ज कराई। ग्रामीणों ने बताया कि उक्त स्थल पर पानी भरा रहता है, जिसका उपयोग टुण्डरी, खपरीडीह और अमलडीह के ग्रामीण मवेशियों को पानी पिलाने, धोने, नहाने तथा अन्य निस्तारी कार्यों के लिए करते हैं। उन्होंने राखड़ से गड्ढा पाटे जाने से पर्यावरण एवं जल प्रदूषण की आशंका जताते हुए रोक लगाने की मांग की। साथ ही ग्राम पंचायत द्वारा पूर्व में पारित प्रस्ताव को निरस्त किए जाने तथा 12 सितंबर 2026 को पारित प्रस्ताव की जांच की मांग भी की।

ग्राम पाट निवासी संतोष कुमार ने अपने पिता स्व. छोटे लाल मनहर की दुर्घटना के बाद लंबित दुर्घटना बीमा राशि दिलाने की मांग की। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना की राशि प्राप्त हो चुकी है, लेकिन दुर्घटना बीमा की राशि अब तक नहीं मिली है। वहीं ग्राम छोटे खैर की कौशिल्या जागे ने अपने 10 वर्षीय बच्चे शिवराज जागे के लिए व्हीलचेयर उपलब्ध कराने आवेदन दिया।

ग्राम गाताडीह निवासी मोहन लाल विषाद ने किसान सम्मान निधि योजना का लाभ नहीं मिलने की शिकायत करते हुए योजना का लाभ दिलाने का आग्रह किया। इसी गांव की रामकुमारी सोनी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लंबित अंतिम किस्त की 25 हजार रुपये की राशि जारी कराने की मांग की। उन्होंने बताया कि आवास का लेंटर स्तर तक कार्य पूर्ण हो चुका है।

जनदर्शन में सामान्य भविष्य निधि की राशि के भुगतान, रुकी हुई पेंशन तथा दिव्यांग पेंशन पुनः शुरू कराने से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुए। आवेदकों ने लंबित राशि का भुगतान कराने और बंद पेंशन को पुनः प्रारंभ कराने का आग्रह किया। ग्राम दहिदा की द्वारस बाई ने महतारी वंदन योजना का लाभ नहीं मिलने की शिकायत करते हुए योजना का लाभ दिलाने का अनुरोध किया।

इसी क्रम में ग्राम कोदवा निवासी पुनीराम यादव ने बकरी पालन व्यवसाय शुरू करने के लिए शासकीय योजना के तहत ऋण अथवा अनुदान उपलब्ध कराने आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि वे स्वरोजगार के माध्यम से परिवार की आजीविका चलाने के लिए बकरी पालन व्यवसाय शुरू करना चाहते हैं।

ग्राम रमतला के भूस्वामियों ने राजस्व अभिलेख एवं भुइयां पोर्टल में दर्ज नामों में हुई लिपिकीय त्रुटियों को सुधारने की मांग की, ताकि कृषि भूमि का एग्रीस्टैक पोर्टल से सही तरीके से जुड़ाव हो सके।

वहीं ग्राम टिहलीपाली की मोंगरा जाटवर प्रधानमंत्री आवास योजना से नाम हटाए जाने की शिकायत लेकर जनदर्शन में पहुंचीं। उन्होंने बताया कि संयुक्त खाते में दर्ज भूमि को सभी भाइयों की व्यक्तिगत भूमि के रूप में दर्शाए जाने के कारण प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची से उनका नाम हट गया है। उन्होंने मामले की पुनः जांच कर पात्रता के आधार पर आवास प्लस 2.0 की सूची में नाम जोड़ने का आग्रह किया।

कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने जनदर्शन में प्राप्त सभी आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजते हुए मामलों का नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनदर्शन आमजनों की समस्याओं को सीधे सुनने और उनके निराकरण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

Share This Article
Follow:
SEN24.in सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की एक अग्रणी और विश्वसनीय न्यूज़ वेबसाइट एवं यूट्यूब चैनल है, जो स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और सामाजिक मुद्दों की निष्पक्ष व त्वरित रिपोर्टिंग के लिए जाना जाता है। हमारा उद्देश्य है – "आपकी आवाज़ को मंच देना और सच्ची खबर सबसे पहले पहुँचाना।" स्थापना के बाद से SEN24.in ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की जमीनी हकीकत को उजागर करते हुए जनता और प्रशासन के बीच एक सशक्त पुल का काम किया है। हम पत्रकारिता के मूल्यों – निष्पक्षता, सत्यता और जवाबदेही – को सर्वोपरि मानते हैं।