*बिना लाइसेंस कीटनाशक बेचने पर कार्रवाई, भंडारित सामग्री जब्त, बेंगपाली में कृषि विभाग की टीम ने की जांच, कीटनाशक का नमूना जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा*

By
Kishor Manhar
SEN24.in सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की एक अग्रणी और विश्वसनीय न्यूज़ वेबसाइट एवं यूट्यूब चैनल है, जो स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और सामाजिक मुद्दों की निष्पक्ष व...
- Editor
2 Min Read

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 20 सितंबर 2026। किसानों को गुणवत्तायुक्त एवं मानक स्तर के कृषि आदान उपलब्ध कराने तथा अनधिकृत रूप से कीटनाशकों के विक्रय पर रोक लगाने कृषि विभाग द्वारा जिले में लगातार निरीक्षण एवं जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बिलाईगढ़ विकासखंड के ग्राम बेंगपाली में बिना वैध अनुज्ञप्ति के कीटनाशक बेचने का मामला सामने आया है।

कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देश एवं उप संचालक कृषि आशुतोष श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में कृषि विभाग की टीम ने बिलाईगढ़ क्षेत्र के विभिन्न कीटनाशक विक्रय संस्थानों का निरीक्षण किया। इसी दौरान ग्राम बेंगपाली में देवेन्द्र साहू द्वारा बिना वैध लाइसेंस के कीटनाशकों का विक्रय किए जाने की सूचना मिली। टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जहां बिना अनुज्ञप्ति के कीटनाशक विक्रय किया जाना पाया गया।

मामले में कृषि विभाग की टीम ने मौके पर भंडारित कीटनाशकों की नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई की। साथ ही कीटनाशकों की गुणवत्ता की जांच के लिए नमूने भी लिए गए, जिन्हें परीक्षण के लिए अधिकृत प्रयोगशाला भेजा गया है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद उसके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

किसानों से अधिकृत विक्रेताओं से खरीदारी की अपील

कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे कीटनाशक एवं अन्य कृषि आदान केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही खरीदें। खरीदारी के समय विक्रेता से बिल लेना भी सुनिश्चित करें। विभाग ने कहा कि किसानों को गुणवत्तायुक्त एवं मानक स्तर की सामग्री उपलब्ध कराने के लिए जिले में कृषि आदानों की गुणवत्ता और विक्रय व्यवस्था की नियमित निगरानी की जा रही है।

निरीक्षण एवं कार्रवाई के दौरान जिला निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, कृषि विकास अधिकारी उमेंद्र साहू, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी दीनानाथ साहू, मायाराम जोल्हे तथा ब्लॉक टेक्नोलॉजी मैनेजर प्रकाश कुमार थवाईत उपस्थित रहे।

Share This Article
Follow:
SEN24.in सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की एक अग्रणी और विश्वसनीय न्यूज़ वेबसाइट एवं यूट्यूब चैनल है, जो स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और सामाजिक मुद्दों की निष्पक्ष व त्वरित रिपोर्टिंग के लिए जाना जाता है। हमारा उद्देश्य है – "आपकी आवाज़ को मंच देना और सच्ची खबर सबसे पहले पहुँचाना।" स्थापना के बाद से SEN24.in ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की जमीनी हकीकत को उजागर करते हुए जनता और प्रशासन के बीच एक सशक्त पुल का काम किया है। हम पत्रकारिता के मूल्यों – निष्पक्षता, सत्यता और जवाबदेही – को सर्वोपरि मानते हैं।