
सारंगढ़। भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से 22 सितंबर 2026 को दोपहर जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में अंगदान एवं देहदान घोषणा सह सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को अंगदान और देहदान के प्रति जागरूक करना तथा इच्छुक लोगों को इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित करना है।
भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी मानवता की सेवा के लिए निरंतर कार्यरत है। इसी कड़ी में अंगदान और देहदान को भी सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम माना गया है। मृत्यु के बाद नेत्रदान के माध्यम से किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन में रोशनी लाई जा सकती है, वहीं देहदान चिकित्सा शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में उपयोगी साबित होता है।
रेडक्रॉस सोसाइटी ने आम नागरिकों से अपील की है कि “क्यों न जीते जी दुनिया देखें और जीवन के बाद किसी दूसरे व्यक्ति को भी दुनिया दिखाएं।” अंगदान अथवा देहदान की घोषणा करने के इच्छुक व्यक्ति अपना नाम, पिता/पति का नाम, उम्र, आधार कार्ड नंबर, पता एवं मोबाइल नंबर जिला रेडक्रॉस अधिकारी लिंगराज पटेल के मोबाइल/व्हाट्सएप नंबर 9406389824 पर भेज सकते हैं। इच्छुक व्यक्तियों को कार्यक्रम के संबंध में आवश्यक जानकारी देकर समारोह में सहभागी बनाया जाएगा।
कार्यक्रम में अंगदान एवं देहदान की घोषणा करने वाले लोगों का सम्मान भी किया जाएगा। जिला प्रशासन एवं रेडक्रॉस सोसाइटी ने जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में इस मानवीय एवं पुनीत पहल से जुड़ने की अपील की है।
अपील करने वालों में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष एवं रेडक्रॉस सोसाइटी के सभापति संजय पाण्डेय, राज्य प्रतिनिधि अंगदान-देहदान समिति जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ दीपक थवाईत सहित रेडक्रॉस सोसाइटी के पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल हैं।

