*ओडिशा से प्रयागराज जा रहा था गांजा, सरिया में पुलिस ने दबोचा, 10.761 किलो गांजा, कार और दो मोबाइल समेत 8.26 लाख की संपत्ति जब्त*

By
Kishor Manhar
SEN24.in सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की एक अग्रणी और विश्वसनीय न्यूज़ वेबसाइट एवं यूट्यूब चैनल है, जो स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और सामाजिक मुद्दों की निष्पक्ष व...
- Editor
2 Min Read

 

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 12 सितंबर। ओडिशा से छत्तीसगढ़ होते हुए उत्तर प्रदेश के प्रयागराज गांजा ले जा रहे तीन तस्करों को ए.एन.टी.एफ. और थाना सरिया पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10.761 किलोग्राम गांजा, टोयोटा कार और दो मोबाइल सहित कुल 8 लाख 26 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र पटेल एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय संतोषी ग्रेस के मार्गदर्शन में 12 सितंबर को ए.एन.टी.एफ. और थाना सरिया पुलिस को गांजा तस्करी की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर थाना सरिया के सामने मेन रोड पर घेराबंदी की गई।

इसी दौरान ग्रे रंग की टोयोटा कार क्रमांक OD 05 N 6165 को रोककर उसमें सवार तीन संदिग्धों की तलाशी ली गई। पूछताछ में आरोपियों की पहचान श्याम बाबू चौधरी (28), विक्की सहनी (29) और जितेन्द्र चौधरी (32), सभी निवासी बरगढ़ जिला, ओडिशा के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान कार के बोनट के अंदर बांधकर रखे गए 10 पैकेटों में 10.761 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा के अलावा टोयोटा कार और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए।

पुलिस के मुताबिक आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर छत्तीसगढ़ के सरिया मार्ग से होते हुए प्रयागराज, उत्तर प्रदेश जा रहे थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया। जहां से तीनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

नारकोटिक्स के खिलाफ लगातार कार्रवाई

जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। ए.एन.टी.एफ. और थाना पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई को गांजा तस्करी के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

 

Share This Article
Follow:
SEN24.in सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की एक अग्रणी और विश्वसनीय न्यूज़ वेबसाइट एवं यूट्यूब चैनल है, जो स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और सामाजिक मुद्दों की निष्पक्ष व त्वरित रिपोर्टिंग के लिए जाना जाता है। हमारा उद्देश्य है – "आपकी आवाज़ को मंच देना और सच्ची खबर सबसे पहले पहुँचाना।" स्थापना के बाद से SEN24.in ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की जमीनी हकीकत को उजागर करते हुए जनता और प्रशासन के बीच एक सशक्त पुल का काम किया है। हम पत्रकारिता के मूल्यों – निष्पक्षता, सत्यता और जवाबदेही – को सर्वोपरि मानते हैं।