सारंगढ़, 08 सितंबर 2026। आमजनों की समस्याओं, मांगों और शिकायतों के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से मंगलवार को सारंगढ़ कलेक्ट्रेट के सभा कक्ष में कलेक्टर जनदर्शन का आयोजन किया गया। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए।
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देश पर डिप्टी कलेक्टर वर्षा बंसल एवं ऋचा सिंह ने जनदर्शन में पहुंचे नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं गंभीरतापूर्वक सुनीं। अधिकारियों ने आवेदकों से उनकी मांगों एवं शिकायतों की विस्तृत जानकारी लेते हुए संबंधित विभागों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनदर्शन में प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि दिलाने, तालाब में चेकडेम निर्माण कर लिफ्ट सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराने तथा स्कूल जाने वाले मार्ग पर पक्की सड़क निर्माण सहित विभिन्न मांगों को लेकर आवेदन प्राप्त हुए। प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही की मृत्यु के बाद परिवार के सदस्य का नाम नामिनी के रूप में दर्ज करने और योजना से संबंधित अन्य समस्याओं के निराकरण के लिए भी नागरिकों ने आवेदन सौंपे।
इसके अलावा नवीन राशन कार्ड बनाने, राशन कार्ड निरस्त करने, वृद्धावस्था पेंशन दिलाने तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुए। नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत समस्याएं भी अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिस पर संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक जानकारी और प्रक्रिया से अवगत कराया गया।
जनदर्शन में जिला एवं ब्लॉक स्तर के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जनदर्शन में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का गंभीरतापूर्वक परीक्षण कर नियमानुसार समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें। साथ ही पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर जनदर्शन आम नागरिकों और प्रशासन के बीच सीधे संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। प्रत्येक मंगलवार आयोजित होने वाले इस जनदर्शन के माध्यम से नागरिक अपनी मांग, शिकायत और समस्याएं सीधे जिला प्रशासन के समक्ष रख सकते हैं।


