सारंगढ़। कोसीर थाना क्षेत्र के डडाईडीह गांव में महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मृतिका के बेटे और पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा, पीढ़ा और घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 5 सितंबर को सम्पत बरेठ ने थाना कोसीर पहुंचकर अपनी पत्नी बृतबाई बरेठ के घर में मृत अवस्था में पड़े होने की सूचना दी थी। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक सुनीता नाग बंजारे ने एफएसएल टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कराया तथा शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर एवं शरीर पर गंभीर चोटों के कारण महिला की मौत होना सामने आया।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल एवं आसपास के लोगों से पूछताछ की। इस दौरान 4 सितंबर की शाम मृतिका के घर से पति-पत्नी और बेटे के बीच विवाद तथा मारपीट की आवाज सुनाई देने की जानकारी सामने आई। संदेह के आधार पर मृतिका के बेटे सोहन बरेठ और पति सम्पत बरेठ से पूछताछ की गई।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में बेटे सोहन ने अपनी मां के साथ मारपीट करने की बात स्वीकार की। बताया गया कि घर खर्च में अधिक पैसा खर्च होने को लेकर उसका पिता से विवाद हुआ था। इसी दौरान मां द्वारा पिता का पक्ष लेने पर वह गुस्से में आ गया और अपनी मां को पीछे आंगन में ले जाकर लकड़ी के डंडे, पीढ़ा एवं अन्य ठोस वस्तुओं से मारपीट की। गंभीर चोट लगने से उसकी मां की मौत हो गई।
आरोपी द्वारा घटना के बाद खून साफ करने का प्रयास करने और रात में शव को घर के अंदर खटिया पर रखने की बात भी पूछताछ में सामने आई। अगले दिन पिता-पुत्र अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे, तभी गांव के कोटवार को घटना की जानकारी हुई और उन्होंने अंतिम संस्कार रुकवाकर पुलिस को सूचना देने की बात कही।
विवेचना में हत्या तथा साक्ष्य छिपाने एवं पुलिस को गलत सूचना देने के तथ्य पाए जाने पर कोसीर थाने में अपराध क्रमांक 134/2026 के तहत धारा 103(1), 238(क), 3(5) बीएनएस में अपराध दर्ज किया गया।
पुलिस ने आरोपी सोहन बरेठ (24 वर्ष) तथा सम्पत बरेठ (57 वर्ष), दोनों निवासी डडाईडीह, थाना कोसीर, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ को 6 सितंबर की रात गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को 7 सितंबर को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कार्रवाई में एसडीओपी गोविंद सिंह दीवान, एफएसएल अधिकारी संजय प्रसाद, थाना प्रभारी सुनीता बंजारे सहित कोसीर पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

