दरअसल सारंगढ़ के अग्रसेन भवन में आयोजित भाजपा के दीपावली मिलन समारोह के दौरान पत्रकारों के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार का मामला अब एक नए मोड़ पर पहुंच गया है। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर पत्रकारों में काफी नाराजगी देखी जा रही थी। अब भाजपा जिला सह प्रभारी विद्यावती सिदार ने पत्रकारों के साथ हुए व्यवहार पर खेद व्यक्त किया है। भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति पटेल ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि विद्यावती सिदार से इस संबंध में बातचीत हुई है और उन्होंने पूरे घटनाक्रम की लेकर खेद जताया है।
प्रेस क्लब ने लिखित माफीनामे की रखी थी मांग
घटनाक्रम के बाद प्रेस क्लब ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दुर्व्यवहार के संबंध में बाकायदा लिखित माफीनामे की मांग की थी। प्रेस क्लब की ओर से स्पष्ट किया गया था कि जब तक विद्यावती सिदार की ओर से लिखित माफीनामा नहीं दिया जाता, तब तक उनके उपस्थित रहने वाले कार्यक्रमों का बहिष्कार किया जाएगा। पत्रकारों की यह नाराजगी केवल एक घटना तक सीमित नहीं थी, बल्कि पत्रकारों के सम्मान और उनके साथ उचित व्यवहार सुनिश्चित करने की मांग से जुड़ी थी।
पत्रकारों का कहना था कि लोकतंत्र में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है और जनहित के मुद्दों को सामने लाने वाले पत्रकारों के साथ किसी भी प्रकार का अनुचित व्यवहार स्वीकार्य नहीं होना चाहिए। इसी को लेकर प्रेस क्लब ने लिखित माफीनामे की मांग को अपना प्रमुख रुख बनाया था।
जिसको लेकर भाजपा जिला अध्यक्ष ने दी जानकारी, भविष्य में पुनरावृत्ति नहीं होने का भरोसा
अब भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति पटेल ने बयान देते हुए बताया कि इस मामले में विद्यावती सिदार से बातचीत हुई है। उन्होंने पत्रकारों के साथ हुए घटनाक्रम पर खेद व्यक्त किया है तथा भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति नहीं होने का भरोसा दिलाया है जिसके बाद से पत्रकारों की नाराजगी दूर हुई

