सारंगढ़, 24 सितंबर 2026। जुआ-सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ANTF टीम एवं सिटी कोतवाली सारंगढ़ पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए व्हाट्सऐप के माध्यम से सट्टा-पट्टी लिखते एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन और 2200 रुपये नकद जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेंद्र कुमार पटेल एवं एसडीओपी गोविंद सिंह दीवान के निर्देशन में जिले में जुआ-सट्टा गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में 23 सितंबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि पुष्प वाटिका सारंगढ़ के पास एक व्यक्ति मोबाइल फोन के माध्यम से व्हाट्सऐप पर सट्टा-पट्टी लिख रहा है।
सूचना पर ANTF टीम और सिटी कोतवाली पुलिस ने मौके पर दबिश देकर संदिग्ध युवक को पकड़ा। पूछताछ में उसकी पहचान रमन निषाद (22 वर्ष), पिता राजकुमार निषाद, निवासी फुलझरिया पारा, सारंगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन और 2200 रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 483/2026, धारा 6, 7 छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रमोद यादव, प्रधान आरक्षक अर्जुन पटेल, वीरेंद्र ठाकुर, आरक्षक कृष्ण डनसेना, पुरुषोत्तम राठौर, गौतम जांगड़े सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


