सारंगढ़। थाना सारंगढ़ क्षेत्र के ग्राम धौराभाटा में जमीन के हिस्से को लेकर हुए विवाद में चचेरे भाई की डंडे से वार कर हत्या करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा तथा वारदात के समय पहने गए कपड़े भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 18 सितंबर 2026 को प्रार्थी अंचल चौहान निवासी धौराभाटा ने थाना सारंगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके पिता च्यवन लाल चौहान को उसके चचेरे भाई सुबेलाल चौहान ने डंडे से मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया है। घायल च्यवन लाल को उपचार के लिए जिला अस्पताल सारंगढ़ लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले में थाना सारंगढ़ पुलिस ने अपराध क्रमांक 466/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी प्रमोद यादव के नेतृत्व में एफएसएल टीम के साथ घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया तथा शव का पंचनामा एवं पोस्टमार्टम कराया गया।
जमीन के हिस्से को लेकर हुआ विवाद
पुलिस की पूछताछ और घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, 18 सितंबर को मृतक च्यवन लाल चौहान गणेश पंडाल से भजन की पुस्तक लेने अपने घर की ओर जा रहा था। इसी दौरान घर के सामने उसका चचेरा भाई सुबेलाल चौहान बैठा था। पुलिस के मुताबिक सुबेलाल ने अपने हिस्से की जमीन उसके नाम करने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।
विवाद बढ़ने पर आरोपी ने कथित तौर पर गुस्से में आकर लकड़ी के डंडे से च्यवन लाल के सिर पर वार कर दिया और मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल च्यवन लाल को आसपास के लोग अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पूछताछ में अपराध स्वीकार करने का दावा
पुलिस के अनुसार हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी सुबेलाल चौहान ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसके मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद कर विधिवत जब्त किए।
पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी सुबेलाल चौहान पिता जगतराम, उम्र 41 वर्ष, निवासी धौराभाटा, थाना सारंगढ़ को 19 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र पटेल के निर्देशन तथा एसडीओपी गोविंद सिंह दीवान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रमोद यादव, एफएसएल अधिकारी संजय प्रसाद, एएसआई प्रकाश रजक, प्रधान आरक्षक अर्जुन पटेल, सोनसाय यादव, महेंद्र मार्को, आरक्षक विमल जांगड़े, भारत भूषण, नंदू भारद्वाज, योगेश सहित थाना स्टाफ का विशेष योगदान रहा।

