सारंगढ़। आमजन की छोटी-बड़ी समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण को लेकर तहसीलदार एन. किशोर सिन्हा ने नई पहल शुरू की है। अब प्रत्येक सोमवार को तहसील कार्यालय में जनदर्शन आयोजित कर आम नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों की सुनवाई की जाएगी। इस दौरान जनदर्शन, समय-सीमा, सीएम हेल्पलाइन 1076 सहित विभिन्न शिकायत पोर्टलों में दर्ज आवेदनों के निराकरण की भी समीक्षा की जाएगी।
तहसीलदार एन. किशोर सिन्हा ने कहा कि जिन आवेदकों को अपनी शिकायत या समस्या के संबंध में पक्ष रखना है, वे प्रत्येक सोमवार को तहसील कार्यालय में स्वयं उपस्थित होकर अपनी बात रख सकते हैं। वहीं, न्यायालय या तहसील कार्यालय आने में किसी प्रकार की असुविधा होने पर आवेदक फोन के माध्यम से भी संपर्क कर अपनी समस्या से अवगत करा सकते हैं।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया है कि सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के मामलों में संबंधित आवेदकों से स्वयं संपर्क कर उनकी समस्या की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली जाएगी, ताकि शिकायतों का निराकरण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक तरीके से किया जा सके।
तहसीलदार ने बताया कि जिला प्रशासन के सख्त निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने तथा आम नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध निराकरण करने के उद्देश्य से यह व्यवस्था बनाई गई है। इस पहल से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के लोगों को अपनी समस्याएं सीधे तहसील प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर मिलेगा।
तहसीलदार की इस पहल से आम लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। माना जा रहा है कि प्रत्येक सोमवार को नियमित जनदर्शन और शिकायतों की सीधी सुनवाई से लंबित मामलों के निराकरण में तेजी आएगी तथा लोगों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण न्याय दिलाने में मदद मिलेगी।

