सरसीवां। प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज विकास खंड बिलाईगढ़ द्वारा प्रथम सांसद स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं छत्तीसगढ़ के प्रथम सांसद स्वर्गीय श्री रेशम लाल जांगड़े की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित प्रतिभा एवं गौरव छात्र-छात्रा सम्मान समारोह में जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की।

इस अवसर पर स्वर्गीय रेशम लाल जांगड़े के राष्ट्र एवं समाज के प्रति अमूल्य योगदान, संघर्ष, त्याग और समर्पण को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। वक्ताओं ने कहा कि उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, समाजसेवा और जनकल्याण के लिए समर्पित रहा। उनके आदर्श एवं विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
समारोह में प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। उपस्थित लोगों ने कहा कि स्वर्गीय जांगड़े के बताए मार्ग पर चलते हुए समाज और राष्ट्र की सेवा के लिए निरंतर कार्य करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।


