*भटगांव पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 9.295 किलो गांजा के साथ महिला समेत दो तस्कर गिरफ्तार*

By
Kishor Manhar
SEN24.in सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की एक अग्रणी और विश्वसनीय न्यूज़ वेबसाइट एवं यूट्यूब चैनल है, जो स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और सामाजिक मुद्दों की निष्पक्ष व...
- Editor
3 Min Read

 

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 4 अगस्त। जिले की भटगांव पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 9.295 किलोग्राम गांजा के साथ एक महिला और एक पुरुष को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा, एक एक्टिवा वाहन, दो मोबाइल फोन तथा नकद राशि जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस अधीक्षक सुशील शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पांडे तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस विजय ठाकुर के निर्देशन में जिले में अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी अभियान के तहत थाना प्रभारी शिव कुमार धारी के नेतृत्व में 3 अगस्त को थाना के सामने मुख्य मार्ग पर वाहन जांच की जा रही थी।

जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सरसीवां की ओर से एक्टिवा क्रमांक CG-12-BV-7563 में एक युवक और एक महिला कोरबा की ओर जा रहे हैं तथा उनके पास गांजा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मुख्य मार्ग पर घेराबंदी कर वाहन को रोका और दोनों से पूछताछ की।

पूछताछ में चालक ने अपना नाम विजय कुमार पालकर (26 वर्ष) निवासी ग्राम पहरिया, थाना बलौदा, जिला जांजगीर-चांपा (वर्तमान निवासी सीतामणी, कोरबा) बताया। पीछे बैठी महिला ने अपना नाम रंजीता दुबे (38 वर्ष) निवासी प्रगति नगर, दर्री, जिला कोरबा बताया।

संदेह होने पर पुलिस ने नियमानुसार तलाशी ली। तलाशी के दौरान एक्टिवा की सीट के नीचे से दो पैकेट तथा महिला के बैग से तीन पैकेट बरामद हुए। जांच करने पर सभी पैकेटों में कुल 9.295 किलोग्राम गांजा मिला। पूछताछ में महिला ने गांजा अपना होना स्वीकार करते हुए बताया कि इसे पदमपुर क्षेत्र से खरीदकर लाई थी।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा, एक्टिवा वाहन, दो मोबाइल फोन तथा नकद राशि जब्त कर दोनों के विरुद्ध धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी शिव कुमार धारी, सहायक उपनिरीक्षक बलीराम निराला, प्रधान आरक्षक नवीन ठाकुर, आरक्षक श्रवण बरिहा, राजेंद्र चंद्रा, शशि खूंटे, राहुल खूंटे, महिला आरक्षक रीना बघेल, मोहन कुमारी सहित थाना भटगांव के समस्त स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Share This Article
Follow:
SEN24.in सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की एक अग्रणी और विश्वसनीय न्यूज़ वेबसाइट एवं यूट्यूब चैनल है, जो स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और सामाजिक मुद्दों की निष्पक्ष व त्वरित रिपोर्टिंग के लिए जाना जाता है। हमारा उद्देश्य है – "आपकी आवाज़ को मंच देना और सच्ची खबर सबसे पहले पहुँचाना।" स्थापना के बाद से SEN24.in ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की जमीनी हकीकत को उजागर करते हुए जनता और प्रशासन के बीच एक सशक्त पुल का काम किया है। हम पत्रकारिता के मूल्यों – निष्पक्षता, सत्यता और जवाबदेही – को सर्वोपरि मानते हैं।