सारंगढ़। भारत की जनगणना-2027 के अंतर्गत जिले में प्रथम चरण ‘मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना’ का कार्य आज से औपचारिक रूप से प्रारंभ हो गया। इस महाअभियान के तहत 1 मई से 30 मई तक जिलेभर में 1300 से अधिक प्रगणक और सुपरवाइजर घर-घर जाकर मकानों की गणना करेंगे।
विशेष बात यह है कि देश के इतिहास में पहली बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से की जा रही है। प्रगणक मोबाइल ऐप के जरिए डेटा संग्रहण करेंगे, जिससे सर्वे कार्य अधिक पारदर्शी, सटीक और तेज होगा। जनसंख्या गणना का दूसरा चरण मार्च 2027 में आयोजित किया जाएगा।
प्रशासनिक अधिकारियों ने किया प्रगणकों का उत्साहवर्धन
तहसील कार्यालय सारंगढ़ में प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे, जिला जनगणना अधिकारी डिप्टी कलेक्टर उमेश कुमार साहू तथा चार्ज अधिकारी तहसीलदार नंदकिशोर सिन्हा ने प्रगणकों को पुष्पगुच्छ भेंट कर फील्ड कार्य के लिए रवाना किया। अधिकारियों ने प्रगणकों को निर्देश दिया कि सर्वे के दौरान डेटा की गुणवत्ता, सटीकता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखें।
भीषण गर्मी में स्वास्थ्य सुरक्षा पर जोर
कलेक्टर ने जिले में पड़ रही भीषण गर्मी और लू को देखते हुए प्रगणकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने फील्ड में कार्य के दौरान धूप से बचने, पर्याप्त पानी पीने और ओआरएस साथ रखने के निर्देश दिए।
नागरिकों से सहयोग की अपील
प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि जब भी प्रगणक उनके घर पहुंचे, तो उन्हें सही एवं संपूर्ण जानकारी प्रदान करें। यह राष्ट्रीय महत्व का कार्य है, जिसकी सटीक जानकारी भविष्य की विकास योजनाओं और सरकारी नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।


