‘आशीर्वाद के दीयों’ से जगमगाया सारंगढ़-बिलाईगढ़ खाड़ाबांध तालाब में 10 हजार से अधिक दीपों का प्रज्ज्वलन, सेवा संकल्प अभियान का भव्य शुभारंभ*

By
Kishor Manhar
SEN24.in सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की एक अग्रणी और विश्वसनीय न्यूज़ वेबसाइट एवं यूट्यूब चैनल है, जो स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और सामाजिक मुद्दों की निष्पक्ष व...
- Editor
5 Min Read

 

सारंगढ़, 17 सितंबर 2026। सेवा, सुशासन, जनभागीदारी और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में गुरुवार को एक माह तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ का भव्य शुभारंभ हुआ। सारंगढ़ के ऐतिहासिक खाड़ाबांध तालाब में आयोजित मुख्य जिला स्तरीय कार्यक्रम में विधिवत मंत्रोच्चार और शंखनाद के बीच दीप प्रज्ज्वलित किए गए। देखते ही देखते हजारों दीपों की रोशनी से पूरा तालाब परिसर जगमगा उठा और आयोजन जनभागीदारी के उत्सव में बदल गया।

राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने का यह अवसर सेवा के प्रति आभार व्यक्त करने और विकसित भारत के संकल्प को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाने का अवसर है। उन्होंने कहा कि भारत आज विश्व पटल पर विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है और इस विकास यात्रा में आम नागरिकों की सहभागिता महत्वपूर्ण है। ‘आशीर्वाद का दीया’ सेवा और जनभागीदारी के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है।

10 हजार से अधिक दीपों ने रचा मनोहारी दृश्य

मुख्य आयोजन में खाड़ाबांध तालाब में 10 हजार से अधिक आटे के दीपों का प्रवाह किया गया। जल में तैरते दीपों और तालाब परिसर में प्रज्ज्वलित हजारों दीयों ने ऐसा मनोहारी दृश्य प्रस्तुत किया कि पूरा क्षेत्र दीपों की रोशनी से नहा उठा। उपस्थित नागरिकों ने सेवा, सुशासन, जनकल्याण और ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प के साथ अभियान में सहभागिता की।

गांव से शहर तक पहुंचा ‘आशीर्वाद का दीया’

सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक जिले में संचालित होगा। अभियान के पहले दिन जिला मुख्यालय के साथ-साथ गांवों, नगरीय क्षेत्रों, ग्राम पंचायतों, अमृत सरोवरों, मंदिरों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर भी दीप प्रज्ज्वलित किए गए। जिले के 49 अमृत सरोवर और 36 मंदिरों सहित चिन्हांकित सार्वजनिक स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलन किया गया। वहीं चयनित 25 ग्रामों में शत-प्रतिशत दीप प्रज्ज्वलन का लक्ष्य रखा गया।

प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही परिवारों, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी स्व-सहायता समूहों की दीदियों और विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों ने भी अपने घर-आंगन में दीप जलाकर अभियान में भागीदारी निभाई।

सारंगढ़ विकासखंड के ग्राम टिमरलगा में मां नाथलदाई मंदिर के समीप 2100 दीप प्रज्ज्वलित किए गए। बरमकेला के भिखमपुरा सपेरा बस्ती स्थित महादेव नगर प्रधानमंत्री आवास कॉलोनी में दीप जलाए गए। केडार क्षेत्र में जल संसाधन विभाग द्वारा 2100 दीप प्रज्ज्वलित किए गए। बिलाईगढ़ विकासखंड के ग्राम रायकोना में अमृत सरोवर के समीप विशेष दीप प्रज्ज्वलन हुआ। नगरीय क्षेत्रों में अटल परिसर, भारत माता चौक, जयस्तंभ चौक सहित प्रमुख स्थलों तथा कलेक्टोरेट, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, जिला पंचायत कार्यालय समेत अन्य शासकीय कार्यालय भी दीपों से रोशन हुए।

एक माह तक होंगे सेवा और जनभागीदारी के कार्यक्रम

सेवा संकल्प अभियान केवल दीप प्रज्ज्वलन तक सीमित नहीं रहेगा। आगामी एक माह में ‘सेवा-मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग’, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ और ‘जल जन सेवा संकल्प’ जैसी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

अभियान के तहत विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, स्व-सहायता समूहों, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम नागरिकों को भी जोड़ा जाएगा। इसी क्रम में जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में रक्तदान शिविर आयोजित किए गए, जहां जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों, युवाओं और नागरिकों ने स्वैच्छिक रक्तदान कर ‘सेवा-मेरा योगदान’ की भावना को साकार किया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय, पूर्व विधायक केराबाई मनहर, सुभाष जलान, मनोज मिश्रा, भारत जटवार, पुलकित चंद्र, शमशेर सिंह, टीकाराम पटेल, रिंकू तिवारी, अमित अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक, कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू, पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा, जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी सहित प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में माताएं, बहनें, युवा एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।

खाड़ाबांध तालाब में एक साथ प्रज्ज्वलित हजारों दीपों ने सेवा और विकास की यात्रा में जनभागीदारी का संदेश दिया। ‘आशीर्वाद का दीया’ से शुरू हुआ सेवा संकल्प अभियान आगामी एक माह तक सारंगढ़-बिलाईगढ़ में सेवा, सुशासन और जनभागीदारी की गतिविधियों को नई ऊर्जा देगा।

 

Share This Article
Follow:
SEN24.in सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की एक अग्रणी और विश्वसनीय न्यूज़ वेबसाइट एवं यूट्यूब चैनल है, जो स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और सामाजिक मुद्दों की निष्पक्ष व त्वरित रिपोर्टिंग के लिए जाना जाता है। हमारा उद्देश्य है – "आपकी आवाज़ को मंच देना और सच्ची खबर सबसे पहले पहुँचाना।" स्थापना के बाद से SEN24.in ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की जमीनी हकीकत को उजागर करते हुए जनता और प्रशासन के बीच एक सशक्त पुल का काम किया है। हम पत्रकारिता के मूल्यों – निष्पक्षता, सत्यता और जवाबदेही – को सर्वोपरि मानते हैं।