सारंगढ़, 13 सितंबर। जिला भाजपा कार्यालय में रविवार को भाजपा के संभाग सह प्रभारी अभिषेक शुक्ला ने प्रेस वार्ता कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से जनसेवा, जनभागीदारी और विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाया जाएगा।
अभिषेक शुक्ला ने कहा कि भाजपा हर वर्ष प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर ‘सेवा पखवाड़ा’ आयोजित करती है, लेकिन इस वर्ष विशेष अवसर है। 7 अक्टूबर 2026 को नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। इसी के मद्देनजर इस बार एक महीने तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों की सेवा, सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं से हुए बदलावों को जनता तक पहुंचाना तथा ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में गरीबों को आवास, खाद्यान्न, शौचालय, सामाजिक सुरक्षा और स्वास्थ्य सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ मिला है।
देशभर में होगी ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’
शुक्ला ने बताया कि 7 अक्टूबर को देशभर में विभिन्न स्थानों पर ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ निकाली जाएगी। जिला मुख्यालयों सहित करीब एक हजार स्थानों पर ‘विकसित भारत 2047’ का सामूहिक संकल्प लिया जाएगा। सुविधानुसार पैदल यात्रा अथवा बाइक रैली के माध्यम से लोगों को अभियान से जोड़ा जाएगा।
वडनगर से काशी तक युवा निकालेंगे सेवा यात्रा
युवा मोर्चा के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मस्थान वडनगर से कर्मभूमि वाराणसी तक तथा वाराणसी से वडनगर तक सेवा यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा में युवाओं की करीब 10 टोलियां शामिल होंगी। प्रत्येक टोली में 50 युवा रहेंगे। करीब 20 दिनों तक चलने वाली यात्रा लगभग 10 राज्यों से होकर गुजरेगी।
इस दौरान गांवों में चौपाल, आंगनबाड़ी केंद्रों, किसानों, युवा क्लबों और विभिन्न सामाजिक समूहों से संवाद किया जाएगा। मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही जनता का फीडबैक भी लिया जाएगा।
25 मिनट श्रमदान की अपील
‘सेवा : मेरा योगदान’ अभियान के तहत लोगों से देश के विकास में अपने स्तर पर योगदान देने की अपील की जाएगी। इसके तहत प्रत्येक व्यक्ति से कम से कम 25 मिनट श्रमदान करने का आग्रह किया जाएगा। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर के बीच 25 अलग-अलग थीम पर जनभागीदारी से कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
ब्लॉक स्तर पर लगेंगे सेवा सेतु शिविर
‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से पात्र हितग्राहियों को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। योजनाओं से वंचित लोगों के आवेदन लेकर उन्हें नियमानुसार लाभ दिलाने के साथ स्वास्थ्य शिविर एवं योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।
इसी तरह ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम के तहत सार्वजनिक स्थानों पर मानव रंगोली के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं, राष्ट्रीय प्रतीकों और ‘विकसित भारत’ के संदेश को प्रदर्शित किया जाएगा। इसमें कलाकारों, महिला स्व-सहायता समूहों, विद्यार्थियों सहित आम नागरिकों की सहभागिता होगी।
प्रेस वार्ता के दौरान जिला प्रभारी शंकर अग्रवाल, जिला भाजपा अध्यक्ष ज्योति पटेल, महामंत्री अमित तिवारी, वेदराम जांगड़े सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

