*सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस का विशेष अभियान, 52 मामलों में ₹84 हजार का जुर्माना*

By
Kishor Manhar
SEN24.in सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की एक अग्रणी और विश्वसनीय न्यूज़ वेबसाइट एवं यूट्यूब चैनल है, जो स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और सामाजिक मुद्दों की निष्पक्ष व...
- Editor
3 Min Read

 

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 1 अगस्त। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और नाबालिगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस द्वारा चलाए गए तीन दिवसीय विशेष अभियान के दौरान नाबालिग वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई। इस अभियान के तहत कुल 52 प्रकरणों में 84 हजार रुपये की चालानी कार्रवाई की गई।

पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पाण्डेय के निर्देशन में जिला यातायात सेल द्वारा 29 से 31 जुलाई तक विशेष सघन जांच अभियान संचालित किया गया। इस दौरान सड़कों पर वाहन चलाते मिले नाबालिग चालकों के अभिभावकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

यातायात पुलिस ने केवल चालानी कार्रवाई ही नहीं की, बल्कि विभिन्न स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों तथा उनके अभिभावकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को किसी भी परिस्थिति में दोपहिया या चारपहिया वाहन चलाने की अनुमति न दें, क्योंकि यह कानून का उल्लंघन होने के साथ-साथ बच्चों और अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा है।

अभियान के दौरान 29 जुलाई को 20 प्रकरणों में 20 हजार रुपये, 30 जुलाई को 22 प्रकरणों में 44 हजार रुपये तथा 31 जुलाई को 10 प्रकरणों में 20 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। इस प्रकार तीन दिनों में कुल 52 मामलों में 84 हजार रुपये की चालानी कार्रवाई की गई।

पुलिस ने नाबालिग चालकों के वाहनों को मौके पर रोककर उनके परिजनों को बुलाया और उन्हें यातायात नियमों के पालन की जिम्मेदारी समझाई। साथ ही चेतावनी दी गई कि भविष्य में यदि कोई नाबालिग वाहन चलाते हुए पाया जाता है तो संबंधित अभिभावकों के विरुद्ध और अधिक कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सारंगढ़-बिलाईगढ़ यातायात पुलिस ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों के सुरक्षित भविष्य को प्राथमिकता दें और नाबालिगों को वाहन चलाने के लिए वाहन की चाबी न सौंपें। पुलिस का मानना है कि अभिभावकों की जागरूकता और जिम्मेदारी से ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है।

 

Share This Article
Follow:
SEN24.in सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की एक अग्रणी और विश्वसनीय न्यूज़ वेबसाइट एवं यूट्यूब चैनल है, जो स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और सामाजिक मुद्दों की निष्पक्ष व त्वरित रिपोर्टिंग के लिए जाना जाता है। हमारा उद्देश्य है – "आपकी आवाज़ को मंच देना और सच्ची खबर सबसे पहले पहुँचाना।" स्थापना के बाद से SEN24.in ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की जमीनी हकीकत को उजागर करते हुए जनता और प्रशासन के बीच एक सशक्त पुल का काम किया है। हम पत्रकारिता के मूल्यों – निष्पक्षता, सत्यता और जवाबदेही – को सर्वोपरि मानते हैं।