*नारी सम्मान निधि योजना के नाम पर ₹2.38 करोड़ से अधिक की ठगी, एक आरोपी गिरफ्तार*

By
Kishor Manhar
SEN24.in सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की एक अग्रणी और विश्वसनीय न्यूज़ वेबसाइट एवं यूट्यूब चैनल है, जो स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और सामाजिक मुद्दों की निष्पक्ष व...
- Editor
3 Min Read

सारंगढ़। सारंगढ़ सिटी कोतवाली पुलिस ने नारी सम्मान निधि योजना के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये की कथित ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने महिलाओं और ग्रामीणों को 20 माह में राशि दोगुनी करने, जमा राशि पर प्रतिमाह 10 प्रतिशत अनुदान तथा योजना में ऋण की राशि जमा करने पर किस्त संस्था द्वारा चुकाने का झांसा देकर बड़ी संख्या में लोगों से निवेश कराया।
पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमीषा पाण्डेय के मार्गदर्शन में सिटी कोतवाली पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई की। जांच के दौरान थाना सिटी कोतवाली सारंगढ़ की टीम ने मुख्य आरोपी अजय लक्ष्मै (पिता स्व. पुनीराम लक्ष्मै), निवासी ग्राम छर्रा, थाना सारंगढ़ को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार ग्राम जेवरा निवासी मोतिन यादव सहित आसपास के कई गांवों की महिलाओं ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अजय लक्ष्मै, दिनेश बंजारे, उत्तम बाई बंजारे तथा अन्य एजेंट गांव-गांव जाकर स्वयं को छत्तीसगढ़ युवा समाज सुधार समिति से जुड़ा बताते थे। वे नारी सम्मान निधि योजना को शासकीय योजना बताकर लोगों को निवेश के लिए प्रेरित करते थे। आरोप है कि योजना के नाम पर लगभग ₹2,38,22,260 की ठगी की गई।
शिकायत की जांच के बाद थाना सारंगढ़ में 23 जुलाई 2026 को अपराध क्रमांक 351/2026 के तहत धारा 318(4) एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी ने ठगी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसके कब्जे से एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक और लेन-देन से संबंधित रजिस्टर जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य आरोपियों एवं एजेंटों की भूमिका की भी जांच जारी है तथा फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। निवेशकों से जुड़े दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन की भी विस्तृत जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रमोद यादव, उपनिरीक्षक नरेंद्र मनहर, प्रधान आरक्षक भँवर काटले, आरक्षक मिनिकेतन पटेल, अरविंद सिदार, योगेश सहित थाना सिटी कोतवाली के समस्त स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Share This Article
Follow:
SEN24.in सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की एक अग्रणी और विश्वसनीय न्यूज़ वेबसाइट एवं यूट्यूब चैनल है, जो स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और सामाजिक मुद्दों की निष्पक्ष व त्वरित रिपोर्टिंग के लिए जाना जाता है। हमारा उद्देश्य है – "आपकी आवाज़ को मंच देना और सच्ची खबर सबसे पहले पहुँचाना।" स्थापना के बाद से SEN24.in ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की जमीनी हकीकत को उजागर करते हुए जनता और प्रशासन के बीच एक सशक्त पुल का काम किया है। हम पत्रकारिता के मूल्यों – निष्पक्षता, सत्यता और जवाबदेही – को सर्वोपरि मानते हैं।