सारंगढ़। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित कोडीन युक्त 103 नग कोरेक्स सिरप के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कोरेक्स सिरप के अलावा एक मोटरसाइकिल, एक कार और दो मोबाइल फोन सहित कुल ₹5,73,072 मूल्य की संपत्ति जब्त की है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में राजकुमार साहू (35) निवासी खैरा थाना डोगरीपाली, गणेश पटेल (24) निवासी ग्राम बार थाना सरिया तथा नरेश साहू (31) निवासी कंटगपाली थाना सरिया शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिशा पाण्डेय तथा उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय संतोषी ग्रेस के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा के सोहेला क्षेत्र से लाल रंग की हीरो एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल में कोरेक्स सिरप लाकर ग्राम देवगांव में नरेश साहू को सौंपा जाना है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम देवगांव स्थित एफसीआई गोदाम के पास घेराबंदी कर वाहन की जांच की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे, लेकिन टीम ने पीछा कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल पर रखी प्लास्टिक बोरी से 103 नग कोडीन फॉस्फेट एवं ट्राईप्रोलिडीन हाइड्रोक्लोराइड युक्त कोरेक्स सिरप बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि यह खेप नरेश साहू के कहने पर लाई जा रही थी। पुलिस ने जांच के दौरान नरेश साहू को भी गिरफ्तार कर लिया। मामले में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, एक अर्टिगा कार तथा दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
सरिया थाना में आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 157/2026 के तहत धारा 21(बी) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना की गई। तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया, उप निरीक्षक सुमन कुमार चौहान, साइबर सेल के रामकुमार मानिकपुरी सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

