सरसीवां। पेंड्रावन रोड स्थित आदर्श पब्लिक स्कूल के मेधावी छात्र थर्स साहू ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बलौदाबाजार जिले की नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि से विद्यालय सहित पूरे क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल व्याप्त है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रायकोना निवासी थर्स साहू (पिता – हेमंत साहू) ने अपनी कड़ी मेहनत, लगन और अनुशासित अध्ययन के बल पर यह सफलता अर्जित की है। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल परिवार और शिक्षकों को गौरवान्वित किया है, बल्कि पूरे क्षेत्र का मान भी बढ़ाया है।
जैसे ही छात्र के चयन की खबर मिली, आदर्श पब्लिक स्कूल परिसर में हर्ष का वातावरण बन गया। विद्यालय प्रबंधन द्वारा एक सम्मान समारोह आयोजित कर छात्र को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर स्कूल के डायरेक्टर, शिक्षकगण एवं स्टाफ उपस्थित रहे और सभी ने छात्र के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उसकी सराहना की।
विद्यालय के डायरेक्टर ने कहा कि थर्स साहू की यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने बताया कि विद्यालय सदैव गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं समुचित मार्गदर्शन देने के लिए प्रतिबद्ध रहा है, जिसका सकारात्मक परिणाम अब सामने आ रहा है।
वहीं, शिक्षकों ने छात्र की सफलता का श्रेय उसकी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास को दिया। उन्होंने बताया कि थार्स ने पढ़ाई के प्रति गंभीरता दिखाते हुए हर चुनौती का डटकर सामना किया, जिसके परिणामस्वरूप उसने यह मुकाम हासिल किया।
परिजनों ने भी अपनी खुशी जाहिर करते हुए बताया कि थर्स बचपन से ही मेधावी छात्र रहा है और हमेशा आगे बढ़ने की सोच रखता है। उन्होंने इस सफलता के लिए विद्यालय और शिक्षकों का आभार व्यक्त किया।
इस उपलब्धि से सरसीवां सहित आसपास के क्षेत्रों में खुशी की लहर है। लोग छात्र को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहे हैं। थर्स साहू की यह सफलता निश्चित रूप से आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक सिद्ध होगी।


