
40–50 एकड़ में एकजुट होकर की जा रही सरसों की खेती, नहर से सिंचाई का दिलाया भरोसा
सारंगढ़ जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम परसाडीह में किसानों द्वारा एकजुट होकर की जा रही सरसों की खेती आज क्षेत्र के किसानों के लिए प्रेरणा बन गई है। गांव के किसानों ने लगभग 40 से 50 एकड़ भूमि में सरसों की खेती कर बेहतर उत्पादन का उदाहरण प्रस्तुत किया है।किसानों का हौसला बढ़ाने के उद्देश्य से आज जनपद अध्यक्ष श्रीमती ममता सिंह ठाकुर ग्राम परसाडीह पहुंचीं। उनके साथ जनपद सभापति श्रीमती कोमल शशि पटेल, दीपक बंजारे (वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी), अंजूलता (कृषि विस्तार अधिकारी, सारंगढ़) सहित कृषि विभाग की टीम भी मौजूद रही। अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने किसानों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा खेतों में पहुंचकर फसलों का जायजा लिया।इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष श्रीमती ममता सिंह ठाकुर ने किसानों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि परसाडीह के किसान सामूहिक खेती के माध्यम से क्षेत्र में नई मिसाल कायम कर रहे हैं। उन्होंने नहर से सिंचाई को लेकर किसानों को आश्वासन दिया कि शासन स्तर पर मांग रखी जाएगी, ताकि नहर के माध्यम से नियमित पानी उपलब्ध हो सके और किसान और भी बेहतर कृषि कर सकें।कृषि विभाग के अधिकारियों ने भी किसानों को उन्नत खेती, उत्पादन बढ़ाने के उपाय और तकनीकी मार्गदर्शन की जानकारी दी। कार्यक्रम से गांव के किसानों में उत्साह और आत्मविश्वास का माहौल देखने को मिला।

