
सारंगढ़।छत्तीसगढ़ में मनरेगा संशोधन के विरोध में युवा कांग्रेस ने आंदोलन तेज करने का एलान किया है। इसी कड़ी में 12 फरवरी को रायपुर में आयोजित होने वाली युवा महापंचायत को लेकर सारंगढ़ में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। विधायक कार्यालय में हुई इस प्रेस वार्ता में युवा कांग्रेस नेताओं ने कार्यक्रम की रणनीति और उद्देश्य स्पष्ट किए।प्रेस वार्ता को जिला युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव शानू रज़ा ने संबोधित किया। उन्होंने बताया कि 12 फरवरी को रायपुर के मेडिकल कॉलेज ऑडिटोरियम में युवा महापंचायत का आयोजन होगा। कार्यक्रम में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष आदरणीय उदय भानु चिब एवं राष्ट्रीय प्रभारी आदरणीय मनीष शर्मा शामिल होंगे।युवा कांग्रेस नेताओं ने मनरेगा संशोधन को गरीब और मजदूर विरोधी बताते हुए कहा कि नए प्रावधानों से राज्यों पर 40 प्रतिशत वित्तीय बोझ डाला जा रहा है, जिसे संगठन स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने मनरेगा की मूल बहाली और ₹400 प्रतिदिन मजदूरी की मांग दोहराई।जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष शुभम बाजपेयी के नेतृत्व में सारंगढ़ से सैकड़ों युवा रायपुर पहुंचकर महापंचायत में हिस्सा लेंगे। प्रेस वार्ता के दौरान एनओबी फॉर्म के पोस्टर का भी विमोचन किया गया।

